बनारस की पावन माटी लेकर बालोद पहुंचा कलश, 17 मंडलों में होगा भ्रमण

Darshan Balod
0

 






गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान; 6 सितंबर से मंडलवार होंगे कार्यक्रम

बालोद, 22 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पावन माटी युक्त कलश का शनिवार को बालोद जिले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। बंजारी धाम जुंगेरा मंदिर से विधि-विधान एवं बाजे-गाजे के साथ कलश को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जुंगेरा लाया गया। यहां पूजा-अर्चना के बाद जिले के सभी 17 मंडलों के लिए कलश का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ खाद्य उद्योग के अध्यक्ष संदीप शर्मा तथा कबीर आश्रम परसदा के महंत पंचम दास शास्त्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

समरसता और समानता का संदेश लेकर आगे बढ़ेगा अभियान

बताया गया कि रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में प्रदेश के संत-महात्माओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, समाज के प्रतिनिधियों एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने वाराणसी से लाई गई पावन माटी युक्त कलश की पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के अध्यक्षों को कलश सौंपे गए, ताकि संत रविदास महाराज के समरसता एवं सामाजिक समानता के संदेश को प्रदेश के गांव-नगर तक पहुंचाया जा सके।

भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि जहां भक्ति है, वहां शक्ति है और जहां समरसता है, वहां समाज की वास्तविक प्रगति होती है। उन्होंने कहा कि यह कलश केवल एक पात्र नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता और शुभ संकल्प का प्रतीक है। इसके माध्यम से संत रविदास महाराज के समानता, समरसता एवं मानवता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

हर काम महत्वपूर्ण, कोई काम छोटा-बड़ा नहीं

मुख्य वक्ता संदीप शर्मा ने संत रविदास महाराज के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान संत और समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज को कर्म की महत्ता का संदेश दिया। उनका जीवन बताता है कि कोई भी कार्य छोटा नहीं होता, बल्कि ईमानदारी एवं समर्पण से किया गया प्रत्येक कार्य महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा कि संगठन एवं समाज में भी प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता से लेकर बड़े दायित्व पर रहने वाले व्यक्ति तक सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने संत रविदास महाराज के विचारों को आधुनिक सूचना एवं संवाद माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

संतों के विचारों पर चलना ही जीवन की सार्थकता

महंत पंचम दास शास्त्री ने कहा कि संत रविदास महाराज महान संत थे। उनके विचारों एवं संदेशों पर चलने से जीवन सार्थक होगा। भारत धर्म एवं अध्यात्म की भूमि है और साधु-संत समाज की आध्यात्मिक एवं सामाजिक चेतना के प्रमुख आधार हैं। राष्ट्र एवं समाज के कल्याण के लिए संत परंपरा और सद्विचारों के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है।

कार्यक्रम संयोजक टीनेश्वर बघेल ने सभी मंडल अध्यक्षों से पावन माटी युक्त कलश को अपने-अपने मंडलों में श्रद्धापूर्वक ले जाकर अधिक से अधिक लोगों को दर्शन लाभ कराने तथा संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव ने किया। उन्होंने संत रविदास महाराज को सामाजिक समरसता, समानता एवं मानवता का महान प्रकाश स्तंभ बताते हुए उनके संदेशों को समाज के लिए आज भी प्रासंगिक बताया।

6 सितंबर से 17 मंडलों में होगा कलश का भ्रमण

पावन माटी युक्त कलश का 6 सितंबर से बालोद जिले के सभी 17 मंडलों में भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान समरस समाज, सामाजिक समानता, भाईचारे एवं मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बताया गया कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, एकता एवं समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन साहू, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, पूर्व महामंत्री देवेंद्र जायसवाल, देवेंद्र माहला, कौशल साहू, जयलाल मालेकर, टी.आर. डहरे, जिला उपाध्यक्ष ठाकुर रामचंद्राकार, पवन सोनबरसा, भुनेश्वरी ठाकुर, हरिश कटझरे, मनीष झा, प्रेम साहू, लक्ष्मी साहू, नीतू सोनवानी, लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, कमलेश सोनी, कमल पनपालिया, गुलशन साहू, संतोष कौशिक, समर्थ लाखानी, अजेंद्र साहू, रमेश गुर्जर, पालक ठाकुर, सुनीता मनहर, राजेश दसोडे, लोकेश श्रीवास्तव, बंजारी मंदिर के पुजारी दिनेश द्विवेदी, सुदामा साहू, उपेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

— कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी, भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top