मेढ़की में 40 लाख की लागत से बने मिनी स्टेडियम का लोकार्पण

Darshan Balod
0

 





सांसद भोजराज नाग ने किया उद्घाटन, विधायक संगीता सिन्हा रहीं अध्यक्षता में; सरपंच ने 56 लाख रुपये के विकास कार्यों का मांगपत्र सौंपा

बालोद। जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत ओरमा के आश्रित ग्राम मेढ़की में खेल एवं युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम का समारोहपूर्वक लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग रहे, जबकि अध्यक्षता बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने की।

मिनी स्टेडियम के लोकार्पण से मेढ़की सहित आसपास के गांवों के युवाओं और खिलाड़ियों को खेल अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। अतिथियों के आगमन पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक बाजे-गाजे के साथ स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में आयोजन के समर्थन में प्रतिष्ठान बंद रखकर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

सांसद भोजराज नाग ने गिनाईं केंद्र सरकार की योजनाएं

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के साथ ग्रामीणों और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने मिनी स्टेडियम को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे मेढ़की एवं आसपास के गांवों के युवाओं और खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर मंच मिलेगा। युवा यहां नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा—विकास कार्यों में नहीं होगी कमी

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि मेढ़की में पहले भी विभिन्न विकास कार्य हुए हैं और आने वाले समय में ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा ग्रामीणों द्वारा रखी गई जायज मांगों पर आवश्यक पहल की जाएगी।

सरपंच ने सौंपा 56 लाख रुपये के विकास कार्यों का मांगपत्र

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच श्रीमती मंजुलता साहू ने ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए सांसद, विधायक, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद विकास निधि के समक्ष मांगपत्र प्रस्तुत किया। इन मांगपत्रों में कुल 56 लाख रुपये के विकास कार्यों की मांग रखी गई।

मांगपत्र में शामिल प्रमुख कार्यों में—

  • सांसद भोजराज नाग से: मेढ़की में कला मंच के बाजू में प्रतीक्षालय एवं 30 मीटर नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये
  • ग्राम ओरमा में: मुंडन संस्कार के लिए बैठक व्यवस्था एवं टीन शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये
  • विधायक संगीता सिन्हा से: मेढ़की में नहर किनारे गणपत घर से छबील साहू के गोदाम तक नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये
  • आबादी पारा में निर्मल यादव के घर से मनी साहू के घर तक नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये
  • जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया से: मेढ़की में ललिता ठाकुर के घर से नहर कुलापा तक तथा भारत साहू के घर से डबरी तक नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये
  • मेढ़की में शिव मंदिर से मुक्तिधाम तक तालाब किनारे सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये
  • जिला पंचायत सदस्य निधि से: ओरमा मुख्यालय में पुराने आंगनबाड़ी केंद्र के पास सामुदायिक किचन शेड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये
  • जनपद विकास निधि से: ओरमा गौठान में मवेशी चरवाहों के लिए बैठक व्यवस्था एवं टीन शेड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही बड़ी मौजूदगी

समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, जिला भाजपा महामंत्री छोटू राकेश यादव, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू, जिला भाजपा मंत्री प्रेम साहू, अध्यक्ष अरुण साहू, जनपद सदस्य मोहनी पारकर, सीता यशवंत साहू, ग्राम विकास समिति मेढ़की अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, गुणवंत श्रीवास्तव, सेवा सहकारी समिति मेढ़की अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ग्राम समिति ओरमा अध्यक्ष महादेव निषाद, पंचायत सचिव संतोष साहू, उपसरपंच रामचंद्र यादव, पंच सुदामा साहू, डोमार कुंभकार, शिव भजन यादव, रोशनी साहू, चंचल साहू, संतोष साहू, विश्वंत भारद्वाज, ललित ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा ग्राम विकास समिति के पदाधिकारी, ग्राम पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की सदस्याएं तथा मेढ़की, ओरमा एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण समारोह में शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top