खम्हारटोला में नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण, बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान

Darshan Balod
0




 


जनपद सभापति मंजू संजय बैस ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों ने जताई खुशी; बच्चों को मिलेगा बेहतर शिक्षा, पोषण और सुरक्षित वातावरण

डौंडी। जनपद पंचायत डौंडी अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हारटोला में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निर्मित नवीन आंगनबाड़ी भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत डौंडी की महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति एवं जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस रहीं। नवीन भवन की सौगात मिलने से गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों सहित ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंजू संजय बैस, जनपद सदस्य झमित बाई, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी कृतेश मार्गिया सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का ग्रामवासियों ने गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। अतिथियों को सम्मानपूर्वक नवीन आंगनबाड़ी भवन तक लाया गया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया गया।

आंगनबाड़ी बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली सीढ़ी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य झमित बाई ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गांव के नन्हे बच्चों की शिक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास की पहली सीढ़ी है। नवीन भवन उपलब्ध होने से बच्चों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा और पोषण संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता अब पूरी हुई है।

मुख्य अतिथि मंजू संजय बैस ने कहा कि बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केवल बच्चों के बैठने और पढ़ने का स्थान नहीं, बल्कि उनके पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार एवं प्रारंभिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। नवीन भवन से बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने ग्रामवासियों से आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा बच्चों के नियमित पोषण, स्वास्थ्य जांच एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

मंजू बैस ने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही किसी भी विकास कार्य की सबसे बड़ी सफलता है।

ग्रामवासियों ने जताई खुशी

ग्राम पंचायत की सरपंच लोभन बाई ठाकुर ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ग्राम खम्हारटोला को नवीन आंगनबाड़ी भवन की सौगात मिलने से समस्त ग्रामवासी प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन से गांव के बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रीमती चंद्राकर ने किया। नवीन भवन के उद्घाटन के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों की खुशी देखकर ग्रामीणों के चेहरे भी खिल उठे।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर उपसरपंच जसवंत उर्वर्षा, पंच तुलसी राम, पुनाऊ राम, रमौ बाई, पूजा, गिरधारी, गोवर्धन, कॉर्परिया सोनकर, ताराम, छगन लाल, फगुवा राम, सुखराम, विमल, गौरव, बिस्वा राम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भारती उर्वशा, निरंजनी सहारे, खिलेश्वरी, मीरा उर्वेश, सरपंच लोभन बाई ठाकुर, उपसरपंच एवं पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, विभागीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top