दल्लीराजहरा नगरपालिका के राजस्व विभाग को लेकर सख्त रुख, अतिरिक्त राशि मांगने पर एफआईआर की चेतावनी
दल्लीराजहरा/बालोद। नगरपालिका के राजस्व विभाग में कथित रूप से रसीद से अतिरिक्त राशि लिए जाने की शिकायतों को लेकर राजस्व विभाग के पीआईसी सदस्य विशाल मोटवानी ने सख्त रुख अपनाया है। नगरपालिका कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि यदि किसी नागरिक ने रसीद में निर्धारित राशि के अलावा कोई अतिरिक्त पैसा दिया है, तो वह इसकी जानकारी देकर अपनी राशि वापस ले जाए।
विशाल मोटवानी ने कहा कि नामांतरण, नया या पुराना मकान बनाने सहित राजस्व विभाग से जुड़े किसी भी कार्य के लिए रसीद में निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त यदि किसी व्यक्ति ने पैसा दिया है, तो वह इसकी जानकारी नगरपालिका को दे। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल के दौरान रसीद से अतिरिक्त दी गई राशि की जानकारी मिलने पर उसे वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अतिरिक्त पैसा मांगने पर एफआईआर की चेतावनी
मोटवानी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आज के बाद यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रसीद के अलावा एक रुपया भी मांगता है तो इसकी तत्काल सूचना जनप्रतिनिधियों को दी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायत मिलने पर एफआईआर की कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक का काम अनावश्यक रूप से रोका जाता है तो वह नगरपालिका अध्यक्ष या जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर सकता है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि “रसीद के अलावा जितना पैसा दिया गया है, उसकी जानकारी दें। एक-एक रुपया वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”
बैठक में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, उपाध्यक्ष मनोज दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, पार्षदगण, पीआईसी सदस्य, एल्डरमैन एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी कहा कि यदि किसी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग की जाती है तो नागरिक इसकी शिकायत नगरपालिका के जनप्रतिनिधियों से कर सकते हैं।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि नामांतरण, भवन अनुज्ञा और अन्य कार्यों के लिए निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी प्रकार की राशि स्वीकार नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि नागरिकों को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और सभी कार्य नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से किए जाएं।
विशाल मोटवानी के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। उनके द्वारा की गई खुली अपील के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि अतिरिक्त राशि लिए जाने की शिकायतों पर नगरपालिका स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है।
जनता से अपील
जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नगरपालिका में अपने कार्यों के लिए निर्धारित शुल्क ही जमा करें और उसकी रसीद अवश्य प्राप्त करें। यदि रसीद से अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है तो संबंधित जनप्रतिनिधि को इसकी जानकारी दें, ताकि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
