डौंडीलोहारा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित डौंडीलोहारा आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुट गए हैं। शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने डौंडीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर एवं एसपी ने कार्यक्रम स्थल का पूर्वावलोकन करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डौंडीलोहारा एसडीएम शिवनाथ बघेल, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों से भी लिया सुझाव
कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की। कार्यक्रम को बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से आवश्यक सुझाव लिए गए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य देवेंद्र जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य होरीराम रावटे, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष जशराज शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा उपाध्याय, जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर, दिलीप बाफना, एल्डरमैन जीवराखन, लता गुप्ता सहित पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और समन्वय किया जा रहा है।

