मानपुर चौक पर सैकड़ों युवाओं ने किया प्रदर्शन, विधायक अनिला भेड़िया भी बारिश में धरने पर बैठीं; तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
दल्लीराजहरा। स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बढ़ते बिजली बिल के विरोध में युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के बीच मानपुर चौक पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। डौंडीलोहारा विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया की मौजूदगी में बालोद जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रशांत बोकाडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को दी जाने वाली पूर्व की रियायतों को समाप्त कर बिजली दरों में वृद्धि की गई है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिनके बाद उपभोक्ताओं को अपेक्षा से अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं।
बारिश में युवाओं के साथ धरने पर बैठीं विधायक
विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक अनिला भेड़िया ने सरकार की बिजली नीतियों पर सवाल उठाते हुए अपना वक्तव्य दिया। इसके बाद वे स्वयं युवाओं के साथ मूसलाधार बारिश के बीच चक्काजाम स्थल पर बैठीं और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने “बिजली बिल कम करना होगा, स्मार्ट मीटर हटाना होगा” सहित विभिन्न नारे लगाए।
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकाडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की नाकामी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने बिजली दरों में कमी करने और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शिबू नायर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रत्ती राम कोसमा, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष रवि जायसवाल, विवेक मसीह, संतोष पांडेय, विजय जोगदंड, प्रदीप बबलू, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रत्याशी साजन पटेल, इंटक युवा अध्यक्ष सनी जायसवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी अशोक श्रीवास्तव, कान्हा टांक, के. आशीष, अदीब, प्रशांत राव, शुभम पिपरे, जावेद खान, आकाश सिंह, परितोष हंसपाल, बालोद युवा कांग्रेस से सुमित शर्मा, देवेंद्र साहू, मोनिश पारकर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।



