बालोद। रक्षाबंधन के अवसर पर सामाजिक स्वयंसेवी महिला कमांडो ने विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं बटालियन कैंपों में पहुंचकर पुलिस जवानों को रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस जवानों ने भी महिला कमांडो बहनों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उपहार भेंट किए।
बालोद थाना परिसर में इस दौरान ऐतिहासिक और भावपूर्ण क्षण देखने को मिला। जिला पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण स्वयं थाना पहुंचे और पद्मश्री शमशाद बेगम सहित महिला कमांडो बहनों से विधिवत रक्षा सूत्र बंधवाया। इसके बाद उन्होंने महिला कमांडो बहनों को बैठाकर स्वयं खड़े होकर उनका सम्मान किया तथा प्रत्येक बहन को साड़ी उपहार स्वरूप भेंट की।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि महिला कमांडो बहनों का पुलिस थाना पहुंचकर पुलिस जवानों को रक्षा सूत्र बांधना उनके लिए बेहद भावुक और मन को छू लेने वाला क्षण है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इससे पहले ऐसा दृश्य नहीं देखा। पुलिस प्रशासन की ओर से उन्होंने महिला कमांडो बहनों की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
महिला कमांडो पुष्पा देशमुख, जोगीभाठ ने पुलिस अधीक्षक के व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महिला कमांडो बहनों को जिस तरह सम्मान दिया, वह प्रशंसनीय है।
2006 से चली आ रही है रक्षा सूत्र बांधने की परंपरा
पद्मश्री शमशाद बेगम ने बताया कि वर्ष 2006 से लगातार महिला कमांडो द्वारा पुलिस जवानों को रक्षा सूत्र बांधने का क्रम चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष इस आयोजन में कुछ नया और बेहतर देखने को मिलता है। इस वर्ष पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला कमांडो बहनों को जिस तरह सम्मान दिया गया, उसे देखकर मन श्रद्धा से भर गया। उन्होंने इसके लिए पुलिस अधीक्षक एवं पूरे पुलिस प्रशासन के प्रति सभी महिला कमांडो की ओर से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर डीएसपी विनय साहू, डीएसपी श्रुति सिंह, डीएसपी माया शर्मा, थाना प्रभारी बालोद शिशुपाल सिन्हा सहित जोगीभाठ, परसदा, बड़ेपारा, छोटेपारा, मुजगहन, सिवनी और बोरी क्षेत्र की महिला कमांडो बहनों ने सहभागिता की।







