कपिलेश्वर मंदिर में नवचेतना समाजसेवी संगठन ने मनाया हरियाली सावन महोत्सव, मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
बालोद। नवचेतना समाजसेवी संगठन जिला बालोद (छत्तीसगढ़) द्वारा कपिलेश्वर मंदिर परिसर में हरियाली सावन महोत्सव एवं तीज मिलन कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। सावन की हरियाली और तीज के उत्साह के बीच महिलाओं ने पारंपरिक हरे परिधानों में सज-धजकर सावन गीतों पर जमकर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, उल्लास और आपसी प्रेम-सौहार्द का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव-पार्वती एवं माता रानी की पूजा-अर्चना से हुई। संगठन की मातृशक्तियों ने माता रानी को सुहाग सामग्री अर्पित की। पूजा-अर्चना के बाद सुहाग सामग्री को प्रसाद स्वरूप सभी सुहागिन महिलाओं में वितरित किया गया।
सावन गीतों पर झूमीं महिलाएं, खेलों ने बढ़ाया उत्साह
सावन के पावन अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक हरे परिधानों में सजकर सावन के गीतों पर खूब ठुमके लगाए। कार्यक्रम को और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार किरण साहू पार्षद एवं सरिता साहू, द्वितीय पुरस्कार प्रेमा बघेल तथा तृतीय पुरस्कार मेनका साहू को प्रदान किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शुरुआत से अंत तक सावन गीतों की धुन पर महिलाएं झूमती रहीं। इससे पूरे मंदिर परिसर में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा।
परंपरा को जीवंत रखने और एकता बढ़ाने का संदेश
संगठन की संयोजिका एवं अध्यक्ष पद्मिनी देवेंद्र साहू ने कहा कि तीज मिलन का उद्देश्य हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ महिलाओं में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सावन का महीना श्रृंगार, भक्ति और उल्लास का महीना होता है। इसी भावना के साथ भगवान शिव एवं मां अंबे की पूजा-अर्चना के बाद सोलह श्रृंगार में सुहागिन महिलाओं ने मिलकर यह उत्सव मनाया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा सामूहिक रूप से खुशियां बांटने का अवसर प्रदान करते हैं।
बड़ी संख्या में मातृशक्तियां हुईं शामिल
इस अवसर पर नवचेतना समाजसेवी संगठन की अध्यक्ष पद्मिनी देवेंद्र साहू, उपाध्यक्ष दुर्गा जोशी, सचिव डिलेश्वरी साहू, रुक्मणी कोसरे, सरिता साहू, मेनका साहू, द्रौपदी साहू, सुशीला गरिहा, ज्योति कौशल, वीणा बघेल सहित संगठन की सदस्य एवं अन्य मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।
इसके अलावा रोहिणी बहन, किरण साहू पार्षद, प्रेमा बघेल, प्रीति बाला, गायत्री साहू, चित्रेखा धुर्वे सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
पूरे आयोजन में कपिलेश्वर मंदिर समिति के संरक्षक भाई विनोद साहू एवं दुष्यंत देवांगन जी का विशेष सहयोग रहा। सामूहिक सहभागिता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ यह हरियाली सावन महोत्सव एवं तीज मिलन कार्यक्रम महिलाओं के लिए यादगार बन गया।


