राजहरा पुलिस ने 104 पौवा देशी शराब और स्कूटी समेत ₹88,320 की संपत्ति की जब्त
बालोद/राजहरा। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजहरा पुलिस ने कुसुमकसा रेलवे फाटक के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 104 नग पौवा शोले देशी प्लेन शराब, कुल 18.720 बल्क लीटर, तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा 125 स्कूटी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹88,320 बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना राजहरा पुलिस द्वारा अवैध जुआ, सट्टा और शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 23 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ग्रे रंग की स्कूटी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर कुसुमकसा भट्ठी की ओर से गुण्डराटोला होते हुए कुसुमकसा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुसुमकसा रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद पुलिस ने एक ग्रे रंग की स्कूटी को रोककर तलाशी ली। स्कूटी में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान धर्मेन्द्र साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 22 मछली मार्केट राजहरा और गजेन्द्र कुमार निषाद, निवासी वार्ड क्रमांक 18 पुराना बाजार राजहरा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग बोरियों से 47 नग, 32 नग और 25 नग, इस प्रकार कुल 104 पौवा शोले देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। पुलिस ने शराब की अनुमानित कीमत ₹8,320 तथा परिवहन में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा 125 स्कूटी की कीमत करीब ₹80 हजार आंकी है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- धर्मेन्द्र साहू, पिता स्व. राजेन्द्र साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 22, मछली मार्केट, राजहरा।
- गजेन्द्र कुमार निषाद, पिता गणेश राम निषाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18, पुराना बाजार, राजहरा।
जब्त संपत्ति
- 104 नग पौवा शोले देशी प्लेन शराब
- कुल मात्रा 18.720 बल्क लीटर
- शराब की कीमत ₹8,320
- ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा 125 स्कूटी, कीमत करीब ₹80,000
- कुल जब्ती: ₹88,320
राजहरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, गांजा बिक्री एवं नशीली दवाइयों जैसी गतिविधियों से दूर रहें। अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

