बालोद। बालोद वन विभाग क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जमरूवा में बीती रात भालू देखे जाने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद वन विभाग ने एहतियातन आज गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात गांव के आसपास भालू दिखाई दिया था। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से रात के समय घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई। मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को अपने स्तर पर भी सतर्क रहने के लिए कहा गया।
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि भालू दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे भगाने या घेरने का प्रयास न करें। आसपास भालू की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।
भालू की मौजूदगी को लेकर गांव में फिलहाल सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

