बालोद, 27 अगस्त 2026। जनसंपर्क विभाग के सहायक संचालक एवं बालोद जिले में पदस्थ जिला जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर अब कबीरधाम जिले के नए जनसंपर्क अधिकारी होंगे। राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उनका स्थानांतरण जिला जनसंपर्क अधिकारी, कबीरधाम के पद पर किया गया है। नवीन पदस्थापना के लिए श्री ठाकुर 27 अगस्त को बालोद से भारमुक्त हुए।
बालोद में अपने कार्यकाल के दौरान मधुर एवं आत्मीय व्यवहार, सरल व्यक्तित्व और उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण चंद्रेश ठाकुर मीडियाकर्मियों के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। शासकीय योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी मीडिया तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका की भी सराहना की गई।
जनसंपर्क कार्यालय में दी गई भावुक विदाई
स्थानांतरण के बाद जिला जनसंपर्क कार्यालय बालोद के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री ठाकुर के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया। कर्मचारियों ने उनके कुशल नेतृत्व, संवेदनशीलता, सहयोगी भावना और आत्मीय व्यवहार को याद करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
कर्मचारियों ने कहा कि श्री ठाकुर ने अधिकारी के साथ-साथ एक अभिभावक की तरह सभी का मार्गदर्शन किया। कार्यालयीन दायित्वों के साथ कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं पारिवारिक परिस्थितियों में भी उनका सहयोग हमेशा मिलता रहा।
विदाई समारोह में कर्मचारियों ने उन्हें नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बोले चंद्रेश ठाकुर—बालोद में काम करना सौभाग्य की बात
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि बालोद जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्य करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात रहा। उन्होंने कार्यालय एवं जनसंपर्क विभाग को अपना परिवार बताते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी वाला विभाग है। सभी कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी, मेहनत और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सभी को अपने कौशल को लगातार निखारने और विभाग के कार्यों को उत्कृष्टता प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में सोशल मीडिया समन्वयक तनवीर खान, सहायक ग्रेड-3 मनीष यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी श्री ठाकुर के कार्यकाल और व्यक्तित्व की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम चंद्राकर ने किया।
इस अवसर पर राजेंद्र कुमार कुंजाम, कृष्णशरण साहू, हुलेश रजक, खिलेश साहू सहित जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालोद से कबीरधाम तक नई जिम्मेदारी के साथ चंद्रेश ठाकुर की प्रशासनिक यात्रा आगे बढ़ी है। बालोद में उनके कार्यकाल की आत्मीय यादों के साथ अब जिले के मीडिया एवं जनसंपर्क से जुड़े लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


