शिव संस्कार धाम से 24 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, शाम को होगी शिव नाम की संगीतमय भजन संध्या
दल्लीराजहरा। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को यादगार बनाने के लिए शिव संस्कार धाम सेवा समिति एवं बोल बम कांवरिया समिति के तत्वावधान में 24 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। देवाधिदेव भगवान महादेव को पवित्र जल अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं कांवरिए शामिल होंगे। यात्रा के दौरान “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से नगर का वातावरण शिवमय होगा।
समिति के अनुसार हर वर्ष की परंपरा के अनुरूप इस बार भी बाबा बैद्यनाथ धाम एवं काशी विश्वनाथ की यात्रा से लौटे कांवरियों के साथ दल्लीराजहरा में कांवड़ यात्रा आयोजित की जा रही है। समिति ने नगर के उन शिवभक्तों से भी यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है, जो इस वर्ष बोल बम यात्रा में शामिल नहीं हो पाए।
11 बजे शिव संस्कार धाम से शुरू होगी यात्रा
कांवड़ यात्रा 24 अगस्त, सोमवार को दोपहर 11 बजे शिव संस्कार धाम मंदिर से प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा जैन भवन चौक, गुप्ता चौक एवं पुराना बाजार होते हुए झरण मैया मंदिर के पवित्र कुंड तक पहुंचेगी। वहां श्रद्धालु पवित्र जल भरकर कांवड़ लेकर “बोल बम” के जयघोष के साथ वापसी करेंगे।
वापसी के दौरान यात्रा शीतला मंदिर पेट्रोल पंप के पास से मुड़कर माइंस ऑफिस चौक होते हुए पुनः शिव संस्कार धाम पहुंचेगी, जहां कांवड़ यात्रा का समापन होगा।
समिति ने कहा कि जो श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम या अन्य धार्मिक यात्राओं में शामिल नहीं हो सके हैं, वे भी इस कांवड़ यात्रा में सहभागी बनकर भगवान भोलेनाथ की सेवा और आराधना कर सकते हैं। अन्य शिवभक्तों से भी कांवरियों के साथ चलकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की अपील की गई है।
शाम 6 बजे होगी शिव नाम की संगीतमय भजन संध्या
कांवड़ यात्रा के समापन के बाद शाम 6 बजे शिव संस्कार धाम परिसर में शिव नाम की संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। समिति के अनुसार श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार की तरह इस सोमवार को भी शिव संस्कार धाम में रुद्राभिषेक किया जाएगा। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को विशेष बनाने के लिए आयोजित भजन संध्या में शिवभक्त भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन होकर भजनों का आनंद लेंगे।
समिति ने नगर के सभी शिवभक्तों एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भक्ति और आस्था के साथ यादगार बनाने की अपील की है।
आयोजक — शिव संस्कार धाम सेवा समिति एवं बोल बम कांवरिया समिति

