टी. ज्योति के नेतृत्व में महिला पार्षदों ने निभाया बहन का फर्ज, हजारों किमी दूर तैनात जवानों की कलाइयों पर बांधी राखी

Darshan Balod
0

 















दल्ली राजहरा। रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आपसी स्नेह का पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए पार्षद एवं लोक गायिका टी. ज्योति के नेतृत्व में दल्ली राजहरा नगर पालिका की महिला पार्षदों ने जन्मभूमि से हजारों किलोमीटर दूर तैनात 33वीं बटालियन SSB केवटी एवं RPSF के जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

महिला पार्षदों ने केवटी पहुंचकर पहले SSB के जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी। इसके बाद राजहरा स्थित RPSF बैरक पहुंचकर अधिकारियों एवं जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी तथा मिठाई, केला और श्रीफल भेंट किया। इस दौरान महिला पार्षदों ने जवानों को परिवार से दूर होने का एहसास न होने देने और बहन के रूप में उनके साथ खड़े रहने का संदेश दिया।

भावुक हुए RPSF जवान, कहा- ‘आज हमारी कलाइयां सूनी नहीं रहीं’

रक्षाबंधन के इस भावुक अवसर पर रेलवे RPF अधिकारी श्याम कुमार ने कहा कि ड्यूटी के कारण जवान अपनी जन्मभूमि और परिवार से हजारों किलोमीटर दूर रहते हैं। त्योहारों पर घर जाकर बहनों से राखी बंधवाना कई बार संभव नहीं हो पाता। ऐसे में टी. ज्योति के नेतृत्व में महिला पार्षदों द्वारा राखी बांधे जाने से इस बार उनकी कलाइयां सूनी नहीं रहीं और रक्षाबंधन का पर्व उनके लिए यादगार बन गया।

अधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि जवानों की ड्यूटी अलग-अलग राज्यों में रहती है और कई बार त्योहार भी परिवार से दूर मनाने पड़ते हैं। नगर पालिका की महिला पार्षदों द्वारा राखी बांधा जाना उनके लिए गर्व और आत्मीयता का क्षण है।

SSB कमांडेंट ने कहा- बहनों ने सगी बहनों की कमी महसूस नहीं होने दी

33वीं बटालियन के कमांडेंट पवित्र शर्मा ने रक्षा सूत्र बांधे जाने पर भावुक होते हुए कहा कि हजारों किलोमीटर दूर से आई बहनों ने जवानों को अपने प्रेम के बंधन में बांध दिया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर इन बहनों ने जवानों को अपनी सगी बहनों की कमी महसूस नहीं होने दी।

10 वर्षों से निभा रही हैं बहन का फर्ज

पार्षद टी. ज्योति ने बताया कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से SSB, BSF एवं RPSF के जवानों को राखी बांधती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जो जवान देश की संपत्ति और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए अपने घर-परिवार से दूर रहते हैं, उनकी कलाइयां रक्षाबंधन पर सूनी न रहें, इसी उद्देश्य से यह पहल की जाती है।

उन्होंने कहा कि रेलवे महिला टीम एवं महिला पार्षदों के साथ मिलकर जवानों के बीच रक्षाबंधन मनाना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है।

महिला पार्षदों ने भी जताया सम्मान

पार्षद अरुणा रामटेके ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सेवा करते हैं। उनके साथ रक्षाबंधन मनाना सम्मान और गर्व का विषय है।

मालती निषाद ने कहा कि SSB के जवान देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उनके साथ राखी का पर्व मनाकर ऐसा लगा जैसे अपने ही परिवार के भाइयों के साथ त्योहार मना रहे हों।

अनीता सोनवानी ने जवानों के त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि उनकी कलाई पर राखी बांधना भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा।

रेखा सहारे ने कहा कि जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना समाज और सुरक्षा बलों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करता है।

मोनिका साहू ने कहा कि जवानों का त्याग और कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए प्रेरणादायी है। इस पहल के माध्यम से उन्हें यह एहसास कराने का प्रयास किया गया कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

पूसई साहू ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व है और देशसेवा में समर्पित जवानों के साथ यह पर्व मनाना सौभाग्य की बात है।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा की महिला पार्षद टी. ज्योति, अरुणा रामटेके, मालती निषाद, अनीता सोनवानी, रेखा सहारे, मोनिका साहू, पूसई साहू एवं ज्योति पांडेय सहित अन्य महिला पार्षद एवं नगर पालिका की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने SSB एवं RPSF के अधिकारियों तथा जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई, फल एवं श्रीफल भेंट किए।

देश की सेवा में समर्पित जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व की यह पहल रक्षाबंधन की भावना को और अधिक सार्थक करने वाली रही।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top