देवरी/मार्रीबंगला। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और लंबित विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी ने भारी बारिश के बीच विधानसभा स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मार्रीबंगला बस स्टैंड में मुख्यमंत्री के नाम पुतला दहन और चक्काजाम कर एसडीओ डौंडीलोहारा शिवनाथ बघेल को ज्ञापन सौंपा गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि देवरी-मार्रीबंगला क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने सरकार पर क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें और पुलिया वर्षों से निर्माण एवं मरम्मत की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने प्रयास आवासीय विद्यालय पिनकापार के भवन निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर एवं स्टाफ की कमी तथा किसानों की एग्रीस्टेक पंजीयन संबंधी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर और ई-केवाईसी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। वहीं किसान कांग्रेस अध्यक्ष जागृत सोनकर ने क्षेत्र में कथित अवैध जुआ, सट्टा और शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कोदू राम दिल्लीवार ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और किसानों से जुड़ी समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा, कृष्णा दुबे, डॉ. नारायण साहू, प्रकाश नाहटा, गुलशन चंद्राकर, मीना साहू, संजय बारले, हरीश चंद्राकर, जागृत सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



