बालोद। रक्षाबंधन के मौके पर अपने घरों तक पहुंचने के लिए ट्रेन का सफर कर रहे यात्रियों को रेलवे की लेटलतीफी ने परेशान कर दिया। अंतागढ़–रायपुर DEMU ट्रेन शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे से अधिक देरी से चली, जिसके चलते यात्रियों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। रेलवे से जुड़े सूत्रों के अनुसार अंतागढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन, जो दल्लीराजहरा से सुबह करीब 3:25 बजे रवाना होती है, शुक्रवार को सुबह 6 बजे के बाद रवाना हुई। ट्रेन के देर से रवाना होने का असर आगे के पूरे परिचालन पर पड़ा।
गोंदिया से रैक देर से पहुंचने की चर्चा
रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन का रैक गोंदिया से देरी से पहुंचा, जिसके बाद ट्रेन के मेंटेनेंस कार्य में भी काफी समय लग गया। इसी वजह से ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से ट्रेन के परिचालन में इसी तरह की देरी देखने को मिल रही है। रक्षाबंधन के पर्व पर बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए ट्रेन पर निर्भर हैं। ऐसे में घंटों की देरी से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
निर्धारित समय से घंटों पीछे रहा परिचालन
ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार बालोद से सुबह 6:13 बजे रवाना होकर लाटाबोर 6:18 बजे, सिकौसा 6:34 बजे और गुंडरदेही 6:44 बजे पहुंचना था। लेकिन दल्लीराजहरा से ही ट्रेन के विलंब से रवाना होने के कारण आगे का पूरा समय-सारिणी प्रभावित रहा।
यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि ट्रेन के लगातार विलंब के कारणों की समीक्षा कर परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। खासकर त्योहारी दिनों में ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।

