बालोद, 18 सितंबर 2026। फरार आरोपियों एवं लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की तामीली को लेकर बालोद पुलिस ने 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ दूसरे जिलों में भी दबिश देकर पुलिस ने कुल 53 स्थाई वारंट तामील किए। सभी वारंटियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग श्री अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में स्थाई वारंटियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने स्थाई वारंटियों की लगातार पतासाजी की। उपलब्ध सूचनाओं एवं तकनीकी सहायता के आधार पर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप 53 स्थाई वारंट तामील किए गए।
दूसरे जिलों में भी पुलिस टीमों ने दी दबिश
बालोद जिले से संबंधित स्थाई वारंटियों की तलाश में पुलिस टीमों ने दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, महासमुंद, बस्तर, कांकेर, गरियाबंद एवं राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर पतासाजी और दबिश की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, इस समन्वित कार्रवाई से लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की तामीली सुनिश्चित हो सकी।
तामील किए गए सभी 53 स्थाई वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार सभी को जेल दाखिल कराया गया।
बालोद पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों की पतासाजी एवं लंबित स्थाई वारंटों की तामीली को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कानून से बचकर फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

