आक्रोश: आदर्श एकलव्य विद्यालय के 16 वर्षीय छात्र की मौत पर उठे सवाल, तीनों विधायक पहुंचे गांव

Darshan Balod
0

मजिस्ट्रेट जांच की मांग, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका




बालोद/डौंडी।
आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय में गुरुवार सुबह कक्षा दसवीं के छात्र विनय कुमार हलबा (16) का शव फंदे पर मिलने के बाद मामले को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। देवरीबंगला के समीप ग्राम रीवागहन निवासी विनय की मौत से परिवार सदमे में है। घटना के बाद शनिवार को जिले के तीनों विधायक अनिला भेड़िया, कुंवर सिंह निषाद एवं संगीता सिन्हा मृतक छात्र के गृह ग्राम रीवागहन पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

मृतक के पिता कामता प्रसाद रावटे ने विधायकों को बताया कि घटना से करीब दो दिन पहले ही वह अपने बेटे से मिलने गए थे। उस दौरान विनय ने किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि विनय पढ़ाई में भी होनहार था। पिता ने बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात पर संदेह जताते हुए मामले में सुनियोजित हत्या की आशंका व्यक्त की और निष्पक्ष जांच की मांग की।

परिजनों ने उठाए सवाल, मजिस्ट्रेट जांच की मांग

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि घटना की परिस्थितियों की बारीकी से जांच होना आवश्यक है। उन्होंने मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराए जाने की मांग की, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

विधायक अनिला भेड़िया ने छात्र की मौत को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच होनी चाहिए। उन्होंने घटना में किसी भी स्तर पर प्रशासनिक लापरवाही की संभावना की भी जांच किए जाने की बात कही।

वहीं विधायक संगीता सिन्हा ने भी परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

तीनों विधायकों ने एकमत होकर मामले की मजिस्ट्रेट जांच की मांग की, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके और किसी भी तथ्य को अनदेखा न किया जाए।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में चंद्रप्रभा सुधाकर, चिदाकाश आर्य, केशव शर्मा, संजीव चौधरी, दुर्गा ठाकुर, सुमन सोनबोईर, विजय तारम, सागर साहू एवं अंचल प्रकाश साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मौके पर आदर्श एकलव्य विद्यालय के पांच प्राचार्य एवं स्टाफ के सदस्य भी पहुंचे।

घटना के बाद छात्र की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच और घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top