वनांचल के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार श्रवण को मिला ‘आचार्य शिरोमणि सम्मान 2026’

Darshan Balod
0

 



शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रायपुर में हुए सम्मान समारोह में किया गया सम्मानित

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित आचार्य शिरोमणि सम्मान समारोह 2026 में बालोद जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, खलारी (सेजेस खलारी) के राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता धर्मेंद्र कुमार श्रवण को शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

पंजीकृत शकुंतला फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित समारोह में पूर्व सचिव, छत्तीसगढ़ शिक्षा आयोग एन.के. अग्रवाल, रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी एम.जी. सतीश कुमार सहित शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में धर्मेंद्र कुमार श्रवण को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा में सक्रिय योगदान

समारोह में वक्ताओं ने धर्मेंद्र कुमार श्रवण के शिक्षकीय कार्यकाल में शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उनके त्याग, समर्पण और रचनात्मक प्रयासों को विद्यार्थियों एवं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं संस्थापिका स्मिता सिंह ने बताया कि शिक्षा, साहित्य, जनसेवा और समाज निर्माण के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

सम्मान ने बढ़ाई जिम्मेदारी

सम्मान प्राप्त होने पर धर्मेंद्र कुमार श्रवण ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव के साथ-साथ शिक्षा, साहित्य और समाज के प्रति अपने दायित्वों को और अधिक निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने सम्मान के लिए आयोजक संस्था एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

150 से अधिक शिक्षकों का हुआ सम्मान

समारोह में छत्तीसगढ़ के 150 से अधिक शिक्षकों को उनके शिक्षकीय कार्य एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सतीश थौरानी, अमर गुरनानी, शुभा निशा शुक्ला, कविता कुंभज्ज, संजना सिंह सहित प्रदेशभर से आए शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

धर्मेंद्र कुमार श्रवण को मिले इस सम्मान से उनके सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top