सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, तिलक, पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
डौंडी/बालोद। बालोद जिले के डौंडी विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला काड़े में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, शाला समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे विद्यालय का वातावरण उत्सवमय नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेतन लाल ठाकुर रहे। विशेष अतिथि के रूप में गणपत रावटे एवं शाला समिति अध्यक्ष सीताराम सुरेंद्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधान पाठक अनिल कुमार देवांगन, सहायक शिक्षक शत्रु लाल साहू, सहायक शिक्षिका श्रीमती उपासना जायसवाल तथा संगवारी शिक्षिका शारदा मांडवी की विशेष उपस्थिति रही।
डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में गीत, कविता, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
तिलक लगाकर शिक्षकों का किया सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। बच्चों के चेहरों पर अपने गुरुओं के प्रति सम्मान और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन, संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
ग्रामवासियों की सहभागिता रही विशेष
कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। ग्रामीणों ने शिक्षा एवं शिक्षक के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय और शिक्षकों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों, शिक्षकों, शाला समिति और ग्रामवासियों के आपसी सहयोग एवं सहभागिता की सुंदर मिसाल बनकर सामने आया। कार्यक्रम ने बच्चों में गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

