“25 साल की जनसेवा, 25 लाख दीपों का संकल्प; ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा ने कसी कमर”

Darshan Balod
0

 




सांसद विजय बघेल बोले—मोदी के 25 वर्ष का जनसेवा काल सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय; 25 लाख दीप जलाने का लक्ष्य

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा जिला कार्यालय जुंगेरा में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री संध्या परगनिहा, प्रदेश लघु वनोपज के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) यज्ञदत्त शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष लेखराम साहू, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‘मोदी के 25 वर्ष सुशासन और राष्ट्र निर्माण का अध्याय’

कार्यशाला के मुख्य वक्ता सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय हैं। उनके नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण की नई कार्यशैली देखी है।

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक जीवन से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक यात्रा ने राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का संदेश दिया है।

25 लाख दीपों से होगी अभियान की शुरुआत

भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का जनसेवा काल गौरवशाली और प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। जिले में 25 वर्षों की सेवा के प्रतीक के रूप में 25 लाख दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा कार्यक्रमों की जानकारी सरल ऐप पर अपलोड की जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर 9 एवं 10 सितंबर को जिले के सभी 17 मंडलों में कार्यशालाएं आयोजित कर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रम नहीं, संकल्प : यशवंत जैन

प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि यह देश का सौभाग्य है कि उसे ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसका जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिला, मंडल और बूथ स्तर पर अभियान के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

‘कहानी बदलाव की’ से सामने आएंगी लाभार्थियों की सफलता की कहानियां

सांसद विजय बघेल ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सेवा के रंग’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां एवं वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किए जाएंगे। प्रत्येक शक्ति केंद्र से 10 प्रेरक कहानियां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी से सेवा कार्य किए जाएंगे। सेवानिवृत्त बुजुर्गों, स्थानीय कलाकारों और समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, बच्चों को भी जोड़ा जाएगा

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, बच्चों एवं माताओं की सहभागिता, बच्चों को मिठाई एवं फलों का वितरण तथा पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र भेंट करने जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा गांव-गांव ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। स्कूली बच्चों को ड्राइंग एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की योजना है।

कार्यशाला का शुभारंभ मां भारती, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अंत में जिला उपाध्यक्ष टिनेश्वर बघेल ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।

इस अवसर पर जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, अभियान की प्रदेश एवं जिला टोली के सदस्य, मंडल प्रभारी, सेवा संकल्प अभियान के सदस्य तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top