दुर्ग-बालोद मार्ग पर हादसे का सबब बने क्षतिग्रस्त डिवाइडर की हुई मरम्मत, राहगीरों को मिली राहत
अंडा, संजय साहू। दुर्ग-बालोद मुख्य मार्ग पर अंडा और खप्परवाडा के बीच स्थित पुलिया के लंबे समय से क्षतिग्रस्त डिवाइडर को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मामले को संज्ञान में लेते हुए टूटे डिवाइडर की मरम्मत करा दी है।
2-3 साल से टूटा था डिवाइडर
पुलिया का डिवाइडर पिछले दो से तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त था। इसके कारण पुलिया से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। कुछ महीने पहले शनिवार को इसी स्थान पर एक कार हादसे का शिकार हो गई थी। कार में ग्राम दनिया के रहने वाले बताए जा रहे चार लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया विभाग
हादसे के बाद पुलिया की बदहाल स्थिति और टूटे डिवाइडर को लेकर समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद PWD विभाग ने कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत पूरी कर दी।
डिवाइडर के दुरुस्त होने से अब इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बनी समस्या के समाधान पर स्थानीय नागरिकों ने भी संतोष जताया है।
सड़क सुधार की भी उठी मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डिवाइडर की मरम्मत होने से दुर्घटना की आशंका कम होगी, लेकिन पुलिया के आसपास सड़क की स्थिति में भी आवश्यक सुधार किया जाना चाहिए। सड़क की स्थिति बेहतर होने से आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकेगा।
खबर का असर—वर्षों से टूटा पड़ा डिवाइडर अब हुआ दुरुस्त, PWD की कार्रवाई से राहगीरों को मिली राहत।

