बरसती बारिश में 5 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया डोसा प्रसाद

Darshan Balod
0

 




मार्केट के राजा गणेश पंडाल में अनूठी परंपरा, रोज बदलता है भोग का स्वरूप; रसगुल्ला से लेकर छोले-भटूरे तक प्रसाद की तैयारी

दल्लीराजहरा। बरसते पानी के बीच भी आस्था का उत्साह कम नहीं हुआ। नया बाजार मेन रोड स्थित श्री साईं बाबा गणेश उत्सव समिति के गणेश पंडाल में भगवान श्री गणेश के दर्शन और विशेष प्रसाद ग्रहण करने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। समिति की ओर से लगातार चौथे वर्ष दक्षिण भारत के तमिलनाडु स्थित मदुरै के समीप प्रसिद्ध प्राचीन अझगर मंदिर की परंपरा से प्रेरित होकर गणेशोत्सव में विशेष मसाला डोसा प्रसादम का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने डोसा प्रसाद ग्रहण किया।

सुबह से ही पंडाल के सामने श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक गरमा-गरम मसाला डोसा प्रसाद का वितरण किया गया। समिति के सदस्यों और सेवादारों ने व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरित किया।

एक मिनट में तैयार होते हैं 20 डोसे

प्रतिदिन प्रसाद तैयार करने वाले सूर्यभान महाराज ने बताया कि डोसा प्रसाद के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। प्रत्येक स्टॉल पर एक साथ चार डोसे तैयार किए जा रहे थे। व्यवस्था इस तरह की गई थी कि करीब एक मिनट में 20 डोसे तैयार हो रहे थे। लगातार कई घंटों तक डोसा बनाने और वितरण का सिलसिला चलता रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

रोज अलग-अलग पकवानों का लगता है भोग

श्री साईं बाबा गणेश उत्सव समिति का यह पंडाल केवल दर्शन के लिए ही नहीं, बल्कि अपने विशेष भोग के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। समिति द्वारा प्रतिदिन भगवान गणेश को अलग-अलग फल, पकवान और मिष्ठान का भोग लगाया जाता है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को रसगुल्ला, फ्रूट कस्टर्ड, मलाई खीर, वेज पुलाव, छोले-भटूरे सहित विभिन्न प्रसाद वितरित किए जाने की तैयारी है।

समिति पदाधिकारियों के अनुसार, नया बाजार मेन रोड का गणेश पंडाल पिछले चार वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। मसाला डोसा प्रसाद वितरण की यह अनूठी परंपरा गणेशोत्सव के दौरान नगर में विशेष आकर्षण का विषय बन गई है। श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए समिति हर वर्ष आयोजन को और भव्य बनाने का प्रयास कर रही है।

आयोजन को सफल बनाने में श्री साईं बाबा गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों, सेवादारों, नया बाजार के व्यापारी भाइयों और स्थानीय नगरवासियों का विशेष योगदान रहा। समिति ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों तथा उपस्थित धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top