गुंडरदेही जनपद की ग्राम पंचायतों को 5 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

Darshan Balod
0

 



उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सरपंचों की मांगों पर दी स्वीकृति, सीसी रोड, श्मशान घाट शेड, सामुदायिक भवन और नाली निर्माण सहित होंगे अनेक कार्य

गुंडरदेही। जनपद पंचायत गुंडरदेही क्षेत्र के ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने गुंडरदेही जनपद क्षेत्र के सरपंचों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए 5 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।

जनपद पंचायत गुंडरदेही की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों की आवश्यकताओं और ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। सरपंचों ने सीसी रोड निर्माण, श्मशान घाट में शेड, सामुदायिक भवन, नाली निर्माण सहित अन्य जनोपयोगी कार्यों की मांग उनके समक्ष रखी।

ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए उप मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों की स्वीकृति दिए जाने से पंचायत प्रतिनिधियों में उत्साह है। सरपंच संघ का कहना है कि इन कार्यों से गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

गांव का विकास सरकार की प्राथमिकता

सरपंचों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देना स्वागत योग्य है। सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और श्मशान घाट जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हुई हैं। इनके निर्माण से गांवों में सुविधाओं का विस्तार होगा।

सरपंच संघ ने कहा कि उप मुख्यमंत्री के समक्ष पंचायतों की मांग रखने और उसका सकारात्मक परिणाम मिलने से पंचायत प्रतिनिधियों में उत्साह है। यह स्वीकृति सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है।

भूमिपूजन के लिए मंत्री को आमंत्रित करेंगे सरपंच

विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर गुंडरदेही जनपद क्षेत्र के सरपंचों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। सरपंच संघ ने बताया कि आगामी दिनों में प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से मंत्री से मुलाकात कर आभार व्यक्त करने के साथ स्वीकृत विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष क्रांतिभूषण साहू, ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष लेखराम साहू, संरक्षक दोषण लाल साहू एवं डोमन देशमुख, उपाध्यक्ष अनिल सोनी एवं जितेश्वरी ठाकुर, सचिव थलेश्वर कुमार सिन्हा एवं कुमुदनी साहू, कोषाध्यक्ष भेनु राम साहू, सहसचिव वागिश बंजारे, संयुक्त सचिव पेमिन साहू, मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र कुमार निषाद, सह-कोषाध्यक्ष ज्योति यादव, सदस्य दिलेेश्वर प्रसाद, काशी राम साहू, योगेश्वर साहू, सत्यवती साहू, कुलेश्वरी साहू, राजेश्वरी पडौती सहित गुंडरदेही जनपद क्षेत्र के सरपंचगण उपस्थित रहे।

सरपंच संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी गुंडरदेही जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकार का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा। गांव, गरीब और ग्रामीण विकास की दिशा में स्वीकृत ये कार्य क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top