17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जिला और विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स गठित
बालोद, 8 सितंबर 2026। जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के सुचारू संचालन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनकल्याणकारी गतिविधियों की नियमित निगरानी के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स समितियों का गठन किया गया है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा होंगी जिला स्तरीय समिति की अध्यक्ष
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा को जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी को संयोजक एवं नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
समिति में पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, आदिवासी विकास, लोक निर्माण, जल संसाधन, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, परिवहन, खेल एवं युवा कल्याण, जनसंपर्क, खाद्य, खनिज, श्रम, संस्कृति एवं पर्यटन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।
विकासखंड स्तर पर भी जिम्मेदारियां तय
अभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विकासखंड स्तरीय टास्क फोर्स समिति भी गठित की गई है। इसमें राजस्व अनुविभागीय अधिकारी को अध्यक्ष तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अनुविभागीय अधिकारी वन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी/नगर पंचायत अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी सदस्य होंगे।
विभागों के बीच समन्वय से होगा अभियान का क्रियान्वयन
जिला स्तरीय टास्क फोर्स अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ जनकल्याणकारी गतिविधियों एवं सेवाओं के त्वरित निष्पादन की सतत निगरानी करेगी। वहीं विकासखंड स्तर की समितियां स्थानीय स्तर पर अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगी।
कलेक्टर द्वारा सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान से जुड़े दोनों आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

