जय बाबा माड़िया देव समिति के तत्वावधान में आयोजन, ग्रामीणों में सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार का बताया प्रभावी माध्यम
बालोद। जय बाबा माड़िया देव समिति, ग्राम तरौद के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राम धुनि प्रतियोगिता का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू रहे। उन्होंने ग्रामीणों को रामायण के आदर्शों और संदेशों से सीख लेने तथा उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
क्रांति भूषण साहू ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणाओं का स्रोत है। राम धुनि जैसे आयोजन ग्रामीणों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार का अच्छा माध्यम भी हैं। उन्होंने आयोजन के लिए समिति एवं ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सरपंच संघ के उपाध्यक्ष एवं ग्राम तरौद के सरपंच धर्मेंद्र रामकेटे ने की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से गांव में आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता मजबूत होती है। ऐसे आयोजनों में ग्रामीणों की सहभागिता हमारी समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला सरपंच संघ के सचिव दिलीप डहरे, तहसील सरपंच संघ के सचिव जालम सिंह पडौटी, सरपंच संघ बालोद के उपाध्यक्ष राजूराम आर्य, मुजगहन के सरपंच देवेंद्र पाल तथा दर्शन बालोद के प्रधान संपादक दीपक यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
दो दिवसीय राम धुनि प्रतियोगिता को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल रहा। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।




