अरजुनी–देवरी मार्ग पर जलभराव से बच्चों की बढ़ी परेशानी, स्कूल जाने में हो रही दिक्कत

Darshan Balod
0

 



बालोद। अरजुनी से देवरी जाने वाले मार्ग पर स्थित बाभीत स्कूल में आने-जाने वाले स्कूली बच्चों को इन दिनों जलभराव और कीचड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग के किनारे बने अंडरपास और नाली में पानी भरा होने से बच्चों को संकरे रास्ते से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद इस स्थान पर पानी जमा हो जाता है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या बनी रहती है। स्कूल के आसपास खेत होने से बच्चों को कई बार पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इससे स्कूल आने-जाने में उन्हें काफी दिक्कत होती है।

साइकिल से स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं की परेशानी भी बढ़ गई है। पानी और कीचड़ के कारण रास्ता फिसलन भरा हो जाता है, जिससे गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक छोटे बच्चों के लिए यह रास्ता विशेष रूप से कठिन है।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने संबंधित विभाग से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, रास्ते की मरम्मत करने तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए उचित मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समस्या का जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है।

प्रेम प्रकाश साहू की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top