एंबुलेंस, रक्तदान, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रतिक्रिया और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर चर्चा
नई दिल्ली, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में पहल शुरू हुई है। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय में महासचिव (राष्ट्रीय प्रभारी) श्री ललित वाधवा से मुलाकात कर प्रदेश में रेड क्रॉस की सेवाओं के विस्तार और संस्थागत मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान राष्ट्रीय मुख्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. वंशश्री सिंह एवं श्री कौस्तुभ दिनकर कुकड़े से भी मुलाकात हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की सेवा गतिविधियों, आवश्यकताओं और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य एवं मानवीय जरूरतों से संबंधित व्यापक प्रस्ताव राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने पर जोर
प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के ग्रामीण, आदिवासी, दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक रेड क्रॉस की सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके तहत आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस सुविधा, चलित रक्तदान सेवाओं का विस्तार, प्राथमिक उपचार एवं प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता प्रशिक्षण, रक्त सेवाओं और रक्त भंडारण व्यवस्था को मजबूत करने सहित आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए सहयोग का अनुरोध किया गया।
इसके साथ ही आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने तथा मानवीय राहत सेवाओं को सुदृढ़ करने के विषय पर भी चर्चा हुई। सुरगुजा और बस्तर जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से संबंधित जनजागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदाता नेटवर्क को मजबूत करने तथा जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने के लिए विशेष पहल पर भी विचार-विमर्श किया गया।
डुबचेरा, गुरुर तहसील, जिला बालोद में उपलब्ध भवन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग का विषय भी राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया। राज्य शाखा का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों और राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना है।
नेत्रदान और अंगदान के लिए भी समन्वय
नई दिल्ली प्रवास के दौरान श्री तोमन साहू ने राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) के निदेशक श्री कुमार से भी मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में नेत्रदान एवं अंगदान को बढ़ावा देने, जनजागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
प्रदेश के राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नेत्रदान एवं अंगदान के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। रेड क्रॉस राज्य शाखा का उद्देश्य इस अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर जरूरतमंद मरीजों के लिए मानवीय और जीवनदायी सेवाओं की उपलब्धता में सहयोग करना है।
“स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता”
चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे विशाल और भौगोलिक रूप से विविध राज्य में स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस की भूमिका को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि रेड क्रॉस प्रदेश में केवल आपातकाल के समय सहायता देने वाली संस्था तक सीमित न रहे, बल्कि स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रतिक्रिया और जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सेवा करने वाली मजबूत संस्था के रूप में कार्य करे। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने को प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस का मूल आधार मानवता और सेवा है तथा प्रयास रहेगा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में दूरी या संसाधनों की कमी बाधा न बने।
राष्ट्रीय मुख्यालय से सहयोग का आश्वासन
राज्य शाखा द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर राष्ट्रीय मुख्यालय में सकारात्मक चर्चा हुई। श्री ललित वाधवा ने छत्तीसगढ़ की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य शाखा को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय मुख्यालय की ओर से प्रदेश में रेड क्रॉस की सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया गया।
राज्य शाखा के अनुसार, आने वाले समय में आवश्यकतानुसार विस्तृत परियोजना प्रस्ताव और तकनीकी विवरण राष्ट्रीय मुख्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रस्ताव पर आगे होने वाली प्रक्रिया के आधार पर प्रदेश में सेवा गतिविधियों के विस्तार की दिशा तय होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष के विशेष कर्तव्य अधिकारी श्री अशोक झुनझुनवाला, राज्य शाखा की सचिव डॉ. रूपल पुरोहित तथा चेयरमैन के निजी सचिव श्री युगल किशोर सिन्हा भी उपस्थित रहे।
राज्य शाखा ने राष्ट्रीय मुख्यालय के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा राहत तथा जरूरतमंद समुदायों के लिए मानवीय सहायता को मजबूत करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।


