‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बालोद पुलिस ने पेंशनरों के लिए आयोजित किया विशेष जागरूकता कार्यक्रम
बालोद, 03 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के अंतर्गत बालोद पुलिस द्वारा पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई और जमा-पूंजी को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियों और साइबर सुरक्षा उपायों की जानकारी देना रहा।
डिजिटल अरेस्ट और फर्जी अधिकारी बनकर ठगी से रहें सावधान
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, पुलिस/CBI/ED अथवा अन्य सरकारी अधिकारी बनकर किए जाने वाले फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के जरिए ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, अनजान लिंक और संदिग्ध संदेशों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री चव्हाण ने समझाइश देते हुए कहा कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डराकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए बाध्य नहीं करती। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि OTP, UPI PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी किसी भी गोपनीय जानकारी को अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
बालोद पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो समय गंवाए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित बैंक को भी तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि ठगी गई राशि को रोकने की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।
बालोद पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
बालोद पुलिस ने आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सदैव सतर्क रहें। किसी भी अनजान कॉल, लिंक, संदेश या वीडियो कॉल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पेंशनर संघ एवं पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. चौड़ा, पेंशनर संघ अध्यक्ष, जिला बालोद, मधुसूदन यादव, सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी श्री राजेश बागड़े, डीएसपी श्री बोनीफास एक्का, एसडीओपी श्री विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा एवं थाना प्रभारी बालोद श्री शिशुपाल सिन्हा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
“सतर्क रहें • जागरूक रहें • सुरक्षित रहें”
साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार—साइबर जागरूकता।


