खरथूली के व्याख्याता नवाचार और विज्ञान मॉडल के जरिए विद्यार्थियों में बढ़ा रहे सीखने की रुचि
बालोद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरथूली में व्याख्याता (भौतिकी) के पद पर पदस्थ भागवत प्रसाद चतुर्वेदी को राज्य स्तरीय गुरु गौरव शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया है। वे गणित एवं विज्ञान शिक्षण में नवाचार, विज्ञान मॉडल निर्माण और प्रयोग आधारित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं।
भागवत प्रसाद चतुर्वेदी कठिन विषयों को गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से सरल एवं रोचक बनाने पर जोर देते हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी स्थानीय संसाधनों और अनुपयोगी सामग्री का उपयोग कर विभिन्न शैक्षणिक मॉडल एवं आकर्षक उपयोगी वस्तुएं तैयार करते हैं। बाल मेला, प्रयोग आधारित विज्ञान मेला और गणितीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सहभागिता के लिए भी वे उन्हें प्रेरित करते हैं।
शिक्षक चतुर्वेदी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पर्यावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करते हैं। परिवार संरक्षण और विद्यालय परिसर की स्वच्छता के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने के साथ वे गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता और प्रयोग करने की क्षमता को बढ़ावा देते हैं।
152 शिक्षकों को किया गया सम्मानित
दर्शन बालोद, डेली बालोद न्यूज एवं एनटीसीएफ छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 27 सितंबर को बालोद के कला केंद्र संगीत महाविद्यालय में राज्य स्तरीय गुरु गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 152 उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। लगातार बारिश के बावजूद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षक समारोह में पहुंचे।
समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर बेनू राम साहू रहे। अध्यक्षता एनटीसीएफ छत्तीसगढ़ के संस्थापक अरुण साहू ने की। समारोह में पूजा वैभव साहू, राजेश सिंह, प्रतिभा चौधरी, सरस्वती टेमरिया, दमयंती सुभाष हरदेल, डॉ. कृष्ण कुमार द्विवेदी, ईश्वरी सिन्हा, लीना मानक, इतिहासकार अरमान अश्क, प्रो. के. मुरारी दास एवं तामेश्वर प्रसाद कौशल सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
राज्य गुरु गौरव सम्मान प्राप्त होने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरथूली के प्राचार्य, विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। सम्मान के लिए भागवत प्रसाद चतुर्वेदी ने अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं अपने गुरु स्वर्गीय बालाराम कौमार्य (मोहलाई) के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सम्मान उन्हें समर्पित किया।
सम्मान की खबर मिलने पर ग्राम कमरौद एवं आसपास के क्षेत्र के परिवारजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने भागवत प्रसाद चतुर्वेदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने गुरु गौरव सम्मान के आयोजन एवं संस्थापक दीपक यादव के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

