अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर जीवन आनंद वृद्धाश्रम में युवाओं ने बांटी खुशियां

Darshan Balod
0

 



खेल, गीत-संगीत और संवाद के जरिए वृद्धजनों के साथ बिताए आत्मीय पल

राजनांदगांव, 1 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत राजनांदगांव एवं रीड यूथ सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जीवन आनंद वृद्धाश्रम, बछेराभाठा डोंगरगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनके जीवन में खुशियां लाना और उन्हें अपनत्व का एहसास कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने वृद्धजनों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, खेलों, नृत्य और गीत-संगीत में सहभागिता की। वृद्धजनों ने भी उत्साह के साथ गतिविधियों में हिस्सा लिया और युवाओं के साथ खुशी के पल साझा किए।

इस दौरान युवाओं ने वृद्धजनों से संवाद कर उनके जीवन के अनुभवों और यादों को सुना। कार्यक्रम के माध्यम से सम्मान, अपनापन, सहभागिता और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे आयोजन समाज में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में माय भारत राजनांदगांव एवं रीड यूथ सोसायटी के सदस्य तोरण, चंद्रप्रकाश, साहिल, मेषराज, योगिता, हिना, सोनाली सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। वृद्धाश्रम संचालक संतोष मेश्राम एवं वृद्धाश्रम परिवार का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top