क्रिकेट बॉक्स के प्रस्तावित स्थल परिवर्तन पर जताई नाराजगी, पूर्व निर्धारित स्थान पर निर्माण की मांग
बालोद। नगर के हृदय स्थल स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में नगरपालिका परिषद द्वारा प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स निर्माण को लेकर भाजपा पार्षद दल एवं एल्डरमेनों ने विरोध जताया है। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधु हर्ष से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए मैदान के स्वरूप को यथावत रखने की मांग की।
भाजपा पार्षदों ने कहा कि सरदार पटेल मैदान बालोद नगर की पहचान और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। यहां वर्षों से दशहरा, रामलीला, राजनीतिक सभाओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि नगरपालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में क्रिकेट बॉक्स निर्माण के लिए जिस स्थान का चयन किया गया था, उसके बजाय अब मैदान में निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मैदान के मध्य क्रिकेट बॉक्स का निर्माण होने से इसका बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा और भविष्य में बड़े आयोजनों के लिए मैदान की उपयोगिता कम हो सकती है। उनका कहना है कि नगर में बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए इतने बड़े खुले स्थान का विकल्प सीमित है।
भाजपा पार्षदों ने स्पष्ट किया कि वे नगर में खेल सुविधाओं के विस्तार के विरोधी नहीं हैं। उनकी मांग है कि क्रिकेट बॉक्स का निर्माण नगरपालिका परिषद की बैठक में पूर्व में निर्धारित स्थल पर ही कराया जाए, ताकि खेल सुविधा भी विकसित हो और सरदार पटेल मैदान का मौजूदा स्वरूप भी सुरक्षित रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा पार्षद एवं सभापति प्रीतम यादव, पार्षद गोमती रात्रे, गोकुल ठाकुर, श्यामा कुलेश यादव, सुनीता मनहर, दीपक लोढ़ा, आशा पटेल, एल्डरमैन नितेश वर्मा, संतोष कौशिक, रविप्रकाश पाण्डेय, पूर्व एल्डरमैन विनोद जैन, आशुतोष कौशिक, अभिन्न यादव सहित अन्य खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

