स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी थी चिकित्सकों की कमी दूर करने की मांग, नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी
डौंडीलोहारा। डौंडीलोहारा विकासखंड के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने की दिशा में कदम उठाया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संजारी में कुल 9 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया है।
जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा में डॉ. टीकम साहू, डॉ. आकांक्षा अजगल्ले, डॉ. दीक्षा धुरंधर, डॉ. अनिमेश चंद्राकर, डॉ. सौरव जागीर, डॉ. आयुष मरढ़िया, डॉ. शशांक तेलासी एवं डॉ. तुषार साहू (NHM) की नियुक्ति हुई है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संजारी में डॉ. प्रांजली ध्रुवे को पदस्थ किया गया है।
कुसुम शर्मा के अनुसार उन्होंने पूर्व में स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों का मुद्दा उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात की थी। इस दौरान क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों से अवगत कराते हुए चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग रखी गई थी। उन्होंने CMHO बालोद को भी मांगपत्र सौंपकर रिक्त पदों को भरने का आग्रह किया था।
कुसुम शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों के उपचार का प्रमुख आधार हैं। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को कई बार दूर जाना पड़ता था। अब चिकित्सकों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने नियुक्तियों के लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताते हुए नवनियुक्त चिकित्सकों का स्वागत किया तथा ग्रामीणों को बेहतर एवं सेवाभाव से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की उम्मीद जताई।


