डौंडी बस स्टैंड के हनुमान मंदिर में आधी रात चोरी की कोशिश, दानपेटी तोड़ने की भी जानकारी
डौंडी। बीते हफ्ते डौंडी बस स्टैंड स्थित श्री हनुमान मंदिर में आधी रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे एक व्यक्ति मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और दानपेटी को भी तोड़ दिया। इसके बाद वह मंदिर से बाहर निकलने का प्रयास करता रहा, लेकिन बाहर नहीं निकल सका और अंदर ही बैठा रहा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे मंदिर में नियमित सेवा करने वाले भक्त रूपेश कोठारी वहां पहुंचे। उन्होंने मंदिर के अंदर एक व्यक्ति को बैठे देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को अपने साथ थाने ले गई। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की गई।
घटना के बाद यह मामला डौंडी नगर में चर्चा का विषय बन गया। मंदिर में चोरी की कोशिश और उसके बाद संदिग्ध के बाहर नहीं निकल पाने की बात को लेकर श्रद्धालुओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ श्रद्धालुओं ने इसे आस्था से जोड़कर देखा।
मंदिर समिति प्रमुख मनीष झा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हमारे भगवान हनुमान जी ने स्वयं चोर को मंदिर परिसर से बाहर नहीं जाने दिया।” उन्होंने मंदिर की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आस्था को लेकर संवेदनशीलता बनाए रखने की बात कही।
फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और चोरी में कितनी राशि या सामान गया, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



