VB-GRAMG की गतिविधियों की दी जानकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना की भी हुई समीक्षा
डौंडी, 30 सितंबर 2026। जनपद पंचायत डौंडी में विकसित भारत जी-राम जी (VB-GRAMG) के तहत ग्राम पंचायतों को विकसित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी.डी. मांडले की उपस्थिति तथा कार्यक्रम अधिकारी नीरज वर्मा के मार्गदर्शन में हुआ।
प्रशिक्षण में VB-GRAMG के तहत संचालित गतिविधियों, ग्राम पंचायत विकास की कार्ययोजना और पंचायतों को विकसित ग्राम पंचायत के रूप में तैयार करने के लिए आवश्यक कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, ग्रामीणों की सहभागिता और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गई। स्वीकृत आवासों की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति और लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए समय पर कार्य पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ डी.डी. मांडले ने पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने पर जोर दिया। कार्यक्रम अधिकारी नीरज वर्मा ने VB-GRAMG के उद्देश्यों एवं ग्राम पंचायतों को विकसित बनाने की दिशा में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में जनपद पंचायत डौंडी अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।


