जनदर्शन में पहुंची समस्या, तत्काल मिली मदद: दिव्यांग छात्र ऐश्वर्य को कलेक्टर ने सौंपी व्हीलचेयर

Darshan Balod
0

 



समाज कल्याण विभाग ने त्वरित प्रक्रिया से बनाया यूडीआईडी कार्ड, कॉलेज आने-जाने में मिलेगी सुविधा

बालोद, 21 सितंबर। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित कलेक्टर जनदर्शन जरूरतमंदों के लिए मदद का माध्यम बन रहा है। जनदर्शन में ग्राम देवरी ‘द’, विकासखंड गुंडरदेही निवासी 80 प्रतिशत अस्थिबाधित दिव्यांग छात्र ऐश्वर्य चौबे की समस्या सामने आने पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। कलेक्टर ने ऐश्वर्य को मौके पर ही व्हीलचेयर प्रदान की, जिससे छात्र और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी नजर आई।

ऐश्वर्य चौबे के पिता यशवंत कुमार चौबे ने बताया कि उनका पुत्र बचपन से ही चलने-फिरने में असमर्थ है। कॉलेज आने-जाने, परिसर के भीतर पहुंचने और दैनिक गतिविधियों के लिए उसे दूसरों की सहायता लेनी पड़ती थी। इसी समस्या को लेकर वे जनदर्शन में पहुंचे थे।

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय अमले ने आवेदन संबंधी औपचारिकताएं तेजी से पूरी कराते हुए ऐश्वर्य को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई। इसके साथ ही उनका यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान) कार्ड भी त्वरित प्रक्रिया से तैयार किया गया।

अब पढ़ाई के लिए दूसरों पर निर्भरता होगी कम

व्हीलचेयर मिलने के बाद ऐश्वर्य ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब वह कॉलेज आने-जाने और परिसर में कक्षाओं तक पहुंचने में पहले की तुलना में अधिक आसानी महसूस करेगा। इससे उसकी पढ़ाई जारी रखने में भी सुविधा मिलेगी।

जनदर्शन के माध्यम से मिली त्वरित सहायता के लिए ऐश्वर्य और उनके पिता ने जिला प्रशासन तथा समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकरण में जनदर्शन के जरिए सामने आई जरूरत पर तत्काल कार्रवाई कर दिव्यांग छात्र को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top