एक लाख दीयों से जगमगाया बालोद, सेवा संकल्प अभियान के तहत स्टेडियम में बना भारत का मानचित्र

Darshan Balod
0

 











बालोद, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को बालोद जिले में एक लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीयों’ से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में एक लाख दीयों से भारत का मानचित्र प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।

सांसद ने प्रशासनिक टीम को दी बधाई

सांसद श्री भोजराज नाग ने आयोजन की सफलता के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन की सफलता सभी के समर्पण, सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत आगे आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सफलता की भी शुभकामनाएं दीं।

‘आशीर्वाद के दीप’ से जनभागीदारी का संदेश

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से सेवा, सकारात्मकता और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बालोद जिले में भी विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता की।

सांसद श्री भोजराज नाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आए बदलावों की जानकारी साझा की। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण, रेलवे के आधुनिकीकरण एवं अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगोली ने बढ़ाई आयोजन की शोभा

कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र साहू, राज्य एथेलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, श्री राकेश (छोटू) यादव, श्री पवन साहू एवं श्री अभिषेक शुक्ला सहित पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। फाउंडेशन द्वारा स्टेडियम परिसर में सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई।

आयोजन के अंत में स्टेडियम परिसर में एक लाख दीयों से भारत का मानचित्र प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा भावना को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top