मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति और बाल सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी, 45 बिहान समूहों के कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण
बालोद, 25 सितंबर 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और अभियानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा महिलाओं और बच्चों के अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालोद में विशेष व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
राज्य बाल संरक्षण समिति एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन और जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।
45 बिहान समूहों के कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण
सिवनी के बालोद बाजार में आयोजित शिविर का नेतृत्व जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू ने किया। इसमें जेंडर बीआरपी तथा डौंडीलोहारा, डौंडी, गुण्डरदेही, गुरूर और बालोद विकासखंडों से आए 45 बिहान समूहों के लगभग 40 जिला एवं विकासखंड स्तरीय कार्यकर्ताओं ने रिफ्रेशर प्रशिक्षण लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, सखी वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के कार्यों एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो एक्ट 2012 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रमुख कानूनी प्रावधानों को भी विस्तार से समझाया गया।
बाल सुरक्षा और पुनर्वास पर जोर
कार्यक्रम में बच्चों की देखरेख, सुरक्षा, शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास के लिए कार्यरत वैधानिक इकाइयों की भूमिका पर विशेष जानकारी दी गई। इनमें किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई और जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्य एवं दायित्वों के बारे में बताया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू, परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू, मिशन शक्ति जिला समन्वयक डॉ. एस. कुमार और आउटरीच वर्कर अखिलेश कुमार डहरे उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।

