आयुष्मान भारत ने रामप्रसाद को दी नई उम्मीद, जिला अस्पताल में हुआ सफल हिप रिप्लेसमेंट

Darshan Balod
0

 



कूल्हे की गंभीर चोट के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया जटिल प्रत्यारोपण, सर्जरी के अगले दिन वॉकर के सहारे चलने लगे राजमिस्त्री

बालोद, 25 सितंबर 2026। गंभीर चोट के बाद चलने में असमर्थ हुए 44 वर्षीय राजमिस्त्री रामप्रसाद के लिए आयुष्मान भारत योजना और जिला अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम नई उम्मीद लेकर आई। बालोद विकासखंड के ग्राम जुंगेरा निवासी रामप्रसाद के कूल्हे की गंभीर चोट का जिला अस्पताल में सफलतापूर्वक हिप रिप्लेसमेंट किया गया। सर्जरी के अगले ही दिन उन्होंने वॉकर के सहारे चलना शुरू कर दिया।

रामप्रसाद मेहनत-मजदूरी और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। 11 अगस्त को घर की छत पर काम करते समय अचानक गिरने से उनके कूल्हे की हड्डी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद उनके लिए सामान्य रूप से चलना-फिरना मुश्किल हो गया। दर्द के कारण दैनिक कामकाज भी प्रभावित होने लगा। स्थानीय स्तर पर उपचार कराने के बाद भी अपेक्षित राहत नहीं मिलने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

जांच के बाद प्रत्यारोपण की दी सलाह

जिला अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार सोरी एवं उनकी टीम ने रामप्रसाद की चिकित्सकीय और रेडियोलॉजिकल जांच की। जांच में कूल्हे की हड्डी में गंभीर क्षति सामने आई। चिकित्सकों ने परिजनों को उपचार की स्थिति समझाते हुए कूल्हे के प्रत्यारोपण की सलाह दी।

रामप्रसाद को 22 सितंबर को अस्पताल में भर्ती किया गया। आवश्यक जांच और चिकित्सकीय तैयारी के बाद 23 सितंबर को डॉ. पंकज कुमार सोरी के नेतृत्व में छह सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने हिप रिप्लेसमेंट की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की।

सर्जरी के अगले दिन शुरू की चाल

सफल ऑपरेशन के बाद 24 सितंबर को रामप्रसाद ने वॉकर के सहारे चलना शुरू किया। कुछ समय पहले तक चोट के कारण चलने में परेशानी झेल रहे रामप्रसाद को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा देखकर उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी नजर आई।

आयुष्मान कार्ड से निःशुल्क उपचार

हिप रिप्लेसमेंट जैसा उपचार निजी अस्पताल में आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता था। रामप्रसाद का उपचार आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जिला अस्पताल में निःशुल्क किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सुविधा बड़ी राहत साबित हुई।

रामप्रसाद ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इतनी बड़ी सर्जरी निःशुल्क की जाएगी। उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन की टीम के प्रति आभार जताया।

रामप्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य सुविधा ने उनके जैसे जरूरतमंद परिवार को महंगे उपचार की चिंता से राहत दी है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top