सेवानिवृत्त कर्मचारी नरोत्तम सिंह टेमार्य को कलेक्टर ने अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि भेंट कर दी भावभीनी विदाई

Darshan Balod
0

 


बालोद। जिला कार्यालय बालोद में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री नरोत्तम सिंह टेमार्य के अर्द्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर 31 अगस्त 2026 को जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने श्री टेमार्य को सेवानिवृत्ति के अवसर पर अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि भेंट करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्री नरोत्तम सिंह टेमार्य ने वर्ष 1995 से विभिन्न शासकीय कार्यालयों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। नवीन जिला बालोद के गठन के पश्चात उनका स्थानांतरण जिला कार्यालय बालोद में हुआ। वर्ष 2014 से वे कलेक्टर के निज पदस्थापना शाखा में कार्यरत रहे। इस दौरान जिले में पदस्थ विभिन्न कलेक्टरों के साथ अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए वे सेवानिवृत्त हुए।

सम्मान समारोह में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला कार्यालय परिवार की ओर से श्री टेमार्य को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने श्री टेमार्य के सरल, सहज एवं अनुशासित व्यक्तित्व तथा कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पित कार्यशैली की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा में ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ लंबे समय तक सेवाएं देना अपने आप में सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने श्री टेमार्य के स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कलेक्टर ने सेवानिवृत्ति के अवसर पर अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि समय पर प्रदान करने की पहल के लिए वित्त स्थापना शाखा के प्रभारी अधिकारी एवं वित्त शाखा के कर्मचारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनके देय स्वत्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना कार्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।



समारोह में अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकड़ा सहित जिला कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री नरोत्तम सिंह टेमार्य के दीर्घ शासकीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

गृहग्राम सहगांव में भी हुआ भव्य स्वागत

कार्यालय में सम्मान समारोह के बाद जिला कार्यालय बालोद के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री नरोत्तम सिंह टेमार्य को सम्मानपूर्वक उनके गृहग्राम सहगांव पहुंचाया। गृहग्राम पहुंचने पर ग्राम सरपंच श्री भुषण लाल देवागन, ग्राम पटेल, ग्रामवासियों एवं परिवारजनों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत-सम्मान किया।

इस दौरान ग्रामवासियों एवं परिजनों ने उनके लंबे शासकीय सेवाकाल की सराहना करते हुए सेवानिवृत्ति के पश्चात स्वस्थ, सुखमय एवं आनंदमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top