बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से विद्यार्थियों को कराया परिचित
बालोद/माहुद (बी), 5 सितंबर। आदर्श विद्या मंदिर माहुद (बी) में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख डी.एल. यदु ने देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके शैक्षणिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भूमिका ठाकुर, खिलेश साहू, पूनम यादव, ईश्वरी मेश्राम, प्रियदर्शनी साहू, योगीता देशमुख, सीमा साहू एवं गीतिका मारकंडे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस एवं जन्माष्टमी की बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम से बच्चों में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से भी अवगत कराया।
संवाददाता रूपचंद जैन की रिपोर्ट

