तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों ने मिलकर किया आयोजन, नन्हे कान्हा-राधा की मनमोहक प्रस्तुति ने मोहा मन
बालोद। ग्राम साल्हे के अंतर्गत संचालित तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी केंद्र साल्हे में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की वेशभूषा में सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भारती जमदार ने भगवान श्रीकृष्ण की कथा सुनाते हुए बताया कि भगवान कृष्ण ने जगत के कल्याण के लिए अवतार लेकर लोगों को प्रेम, सद्भाव और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से भी परिचित कराया।
नन्हे कान्हा-राधा ने दी मनमोहक प्रस्तुति
पालकों के सहयोग से बच्चों का बाल कान्हा एवं राधा रानी के रूप में सुंदर श्रृंगार कराया गया। कृष्ण के रूप में बिशांत तथा राधा की वेशभूषा में याशिका ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। नन्हे बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-03 की कार्यकर्ता बिजेश्वरी कुंजाम, केंद्र क्रमांक-01 की कार्यकर्ता लक्ष्मी जगनायक, केसरी माहला, मीना उइके, भगवन्तीन निर्मलकर, इमलेस साहू, पिलेश्वरी यादव, टेनेश्वरी मानिकपुरी, मनीषा नेताम एवं कुसुम कुंजाम सहित पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें प्रेम, सद्भाव और संस्कार की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।


