बालोद। विश्राम भवन बालोद में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री आर.एस. विश्वकर्मा, सदस्य श्री यशवंत वर्मा एवं श्री बलदाऊ साहू की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज प्रमुख मधुकांत यादव, तरुण नाथ योगी, यज्ञ देव पटेल, सीता यशवंत साहू, सीरियल सिंह, सुरेंद्र देशमुख, राजेश यादव सहित समाज के अन्य प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को आयोग के समक्ष रखा।
बैठक में प्रमुख रूप से आय प्रमाण पत्र बनाए जाने के संबंध में समस्या उठाई गई। समाज प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि आय प्रमाण पत्र के लिए वेतन से प्राप्त आय एवं कृषि संबंधी आय को जोड़ने की प्रक्रिया को स्पष्ट किया जाए। साथ ही प्रथम नियुक्ति उप जिलाधीश के पद पर होने वाले मामलों में आय निर्धारण से संबंधित नियमों को स्पष्ट रूप से लागू किए जाने की मांग रखी गई।
समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न समाजों को उनके मूल व्यवसाय एवं कार्यक्षेत्र के अनुरूप निगम, मंडल एवं आयोगों में प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। यादव समाज को गौ सेवा आयोग एवं दुग्ध संघ में विगत कई वर्षों से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष अथवा सदस्य के रूप में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने की बात भी बैठक में रखी गई।
जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग
बैठक में यादव समाज को जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनसंख्या के दृष्टिकोण से आदिवासी समाज के बाद साहू एवं यादव समाज की बड़ी आबादी है। ऐसे में सांसद, विधायक, जिला पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और छात्रवृत्ति की मांग
समाज प्रतिनिधियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली की तैयारी करने वाले प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास एवं छात्रवृत्ति की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसी तरह रायपुर में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रावास एवं छात्रवृत्ति की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि नए रायपुर में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से प्रदेश के अधिक से अधिक युवा संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो सकेंगे। इन मांगों के संबंध में राज्य स्तर से पत्र जारी करने के लिए आयोग से आग्रह किया गया।
बैठक में समाज प्रतिनिधियों ने आयोग के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें विस्तारपूर्वक रखीं तथा पिछड़ा वर्ग समाज के हित में आवश्यक पहल किए जाने का आग्रह किया।
