भाजपा ने अकबर तिगाला को सभी दायित्वों से किया मुक्त, प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन पर मांगा स्पष्टीकरण

Darshan Balod
0

 



बालोद, 16 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय ने बालोद जिले के प्रदेश मंत्री, अल्पसंख्यक मोर्चा के अकबर तिगाला को उनके पद के सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है। साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन क्यों न किया जाए, इस संबंध में उनसे सात दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, अकबर तिगाला के विरुद्ध जालसाजी करने से संबंधित आरोप सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने का उल्लेख किया गया है। पत्र में इन आरोपों को पार्टी की ओर से गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में बताया गया है। पार्टी के अनुसार, इस प्रकरण से पार्टी की छवि धूमिल हुई है।

पत्र में कहा गया है कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने उक्त अनुशासनहीनता के आरोप के संबंध में अकबर तिगाला को पार्टी के सभी दायित्वों से मुक्त करने का निर्णय लिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

प्रदेश कार्यालय ने अकबर तिगाला को आदेश प्राप्त होने के सात दिवस के भीतर यह स्पष्ट करने के लिए कहा है कि क्यों न उन्हें भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया जाए।

16 सितंबर 2026 को जारी पत्र पर प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मारकण्डेय के हस्ताक्षर हैं। यह जानकारी भाजपा जिला बालोद के मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया ने दी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top