छत्तीसगढ़ मानस संगठन ने भखारा में मनाई संत तुलसीदास जयंती, मानस रत्न सम्मान से दो विभूतियां अलंकृत

Darshan Balod
0

 


भखारा/धमतरी। छत्तीसगढ़ मानस संगठन की धमतरी जिला भखारा तहसील इकाई द्वारा विगत वर्षों की परंपरा के अनुरूप 30 एवं 31 अगस्त 2026 को राज्यस्तरीय संत तुलसीदास जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद राम-रसिक श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति और जनसहयोग ने आयोजन की सफलता को सार्थक किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ मानस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत द्वारा पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान बस्ती समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, पार्षदगण, रामायण आयोजन समिति के पदाधिकारी तथा विभिन्न जिलों से पहुंचे मानस संगठन के गणमान्यजन उपस्थित रहे। स्वागत-सम्मान के बाद विभिन्न मानस मंडलियों ने रामचरित मानस की दिव्य कथाओं एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।

समारोह में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ पदाधिकारियों के मनोनयन एवं चयन की प्रक्रिया पूरी की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। आयोजन में धमतरी जिले के साथ बड़ी संख्या में बालोद और दुर्ग जिले के मानस प्रेमियों ने सहभागिता निभाई।

दो विभूतियों को मिला मानस रत्न सम्मान

समारोह में पंडित चेतनदुलार देवांगन, माधुर्य मानस प्रचार समिति पोटियाडीह, को मानस क्षेत्र में 20 वर्षों की दीर्घ साधना के लिए ‘मानस रत्न सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मानस संगठन पहली संस्था है, जिसने उनकी कला और प्रतिभा का सम्मान किया है। उन्होंने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए इसे 5 हजार से अधिक मानस मंडलियों को जोड़ने वाला सक्रिय संगठन बताया।

इसी तरह ग्राम पंचायत सतमरा, विकासखंड गुंडरदेही, जिला बालोद के सरपंच एवं मानस आयोजन समिति के संरक्षक सोनऊ राम साहू सन्नी को 30 वर्षों से मानस प्रचार एवं आयोजन के लिए ‘मानस रत्न-2026’ सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मानस संगठन से जुड़ना गौरव का विषय है और संगठन द्वारा जनसहयोग से किए जा रहे बड़े आयोजनों से लोग प्रेरणा ले रहे हैं। दोनों मानस रत्नों को संगठन की आजीवन सदस्यता के साथ प्रतीक चिह्न, अभिनंदन-पत्र, श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

स्वर्गीय शारदादास मानिकपुरी को दी श्रद्धांजलि



भखारा तहसील में लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस समारोह की शुरुआत मानस से जुड़े संतजनों द्वारा स्वर्गीय शारदादास मानिकपुरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। वे धमतरी जिला मानस संगठन के निवर्तमान अध्यक्ष तथा भखारा आयोजन समिति के संरक्षक एवं प्रमुख प्रेरणास्रोत रहे। उपस्थित लोगों ने उनसे जुड़े संस्मरण साझा किए और संगठन ने उनके सहयोग, समर्पण एवं योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में श्री राधाकृष्ण महिला मानस मंडली थूहा कुरुद, श्री रुद्रेश्वर महादेव मानस परिवार परसुली गुरूर, ज्योति महिला मानस मंडली, बाल लीला मानस मंडली और वेद मानस परिवार देवरी सहित विभिन्न मानस मंडलियों ने प्रस्तुति दी।



1 सितंबर को आयोजन से जुड़े गांव के अनुभवी लोगों का समिति द्वारा सम्मान किया गया। स्थानीय मानस मंडली की प्रस्तुति के साथ रात्रिकालीन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध जय छत्तीसगढ़ बालक रामधुनी मंडली देवरी-भखारा ने रामधुनी प्रस्तुत की। मंच संचालन भखारा तहसील छत्तीसगढ़ मानस संगठन के अध्यक्ष नितेश मानिकपुरी ने प्रभावी ढंग से किया।

पूर्व विधायक लेख राम साहू रहे मुख्य अतिथि

समापन समारोह के मुख्य अतिथि कुरूद के पूर्व विधायक लेख राम साहू रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ मानस संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ सलाहकार मनमोहन साहू, जिला मानस संगठन धमतरी के वरिष्ठ सलाहकार भागेश हिरवानी, छत्तीसगढ़ मानस संगठन जिला इकाई बालोद के कोषाध्यक्ष दिनेश्वर गंगबेर सहित अन्य संतजनों ने सभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम में श्रीमती संतोषी निषाद, प्रदेश अध्यक्ष निषाद समाज महिला विंग, स्थानीय सरपंच, श्री विनोद साहू, श्री येन सिंग साहू, श्री विष्णु राम साहू, श्री नेक राम बंधु, श्री दुलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सभी सदस्यों का भी संगठन की ओर से सम्मान किया गया।

आगामी आयोजनों की घोषणा



प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि अक्टूबर माह में कथावाचकों एवं उद्घोषकों की कार्यशाला, नवंबर में द्वितीय वर्ष की मानस गोष्ठी तथा दिसंबर में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए राज्यस्तरीय रामचरित मानस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के द्वितीय वर्ष का आयोजन किया जाएगा। राज्यस्तरीय ऑनलाइन प्रवचन कार्यक्रम भी इसी सप्ताह से प्रारंभ किया जा रहा है, जिसके अब तक 108 भाग आयोजित हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ मानस संगठन में रामधुनी मंडली, जसगीत मंडली, फाग गीत मंडली, पंडवानी, रामलीला, पंथी, विभिन्न वादक कलाकारों, टीकाकारों, मानस आयोजन समितियों एवं उद्घोषकों का पंजीयन किया जाता है और पंजीयन के समय ही प्रमाण-पत्र जारी किया जाता है। उन्होंने सभी रामभक्तों से संगठन से जुड़कर सनातन धर्म के गौरव को प्रसारित करने के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top