मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में मवेशियों के जमावड़े से यातायात प्रभावित होने का दावा, कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
दल्ली राजहरा। नगर में लगातार बढ़ रही आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर हिंदू सेना दल्ली राजहरा ने नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान नहीं होने पर नगर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
हिंदू सेना के पदाधिकारियों के अनुसार नगर के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और आवासीय इलाकों में बड़ी संख्या में मवेशी खुले में घूम रहे हैं। इसके कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि कई स्थानों पर मवेशियों के कारण यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की स्थिति भी बन रही है।
संगठन ने कहा कि गौवंश के खुले में विचरण से उनके चोटिल होने अथवा दुर्घटना का शिकार होने का खतरा भी बना रहता है। इसके अलावा मवेशियों के सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर रहने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
हिंदू सेना ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि खुले में घूम रहे मवेशियों को तत्काल सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान पर रखा जाए तथा पशुओं को सार्वजनिक स्थानों पर खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
संगठन ने नगर पालिका प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो नगर पालिका कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय दंडाधिकारी को भी सौंपी गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हिंदू सेना की जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने, प्रदेश महामंत्री निलेश श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष शंकर साहू, नगर अध्यक्ष मातृशक्ति संगीता रजक, नगर महामंत्री पुष्पा शांडिल्य, नगर पालिका परिषद एल्डरमेन महेंद्र पिपरे, सर्व समाज अध्यक्ष श्रीमती पुरोबी वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती किरण सिन्हा, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष मंजीत कौर, गिरधर सिन्हा, गोलू जायसवाल एवं सोनू मानिकपुरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



