उप स्वास्थ्य केंद्र मरदेल में माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम

Darshan Balod
0

 






किशोरियों एवं विद्यार्थियों ने निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला पुरस्कार

डौंडी। उप स्वास्थ्य केंद्र मरदेल में माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य शिक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं के साथ विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता विषय पर निबंध एवं चित्रकला संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में आरएचओ वीरेंद्र जैन ने किशोरी बालिकाओं को माहवारी के दौरान उचित खान-पान एवं पोषण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान शरीर की आवश्यकताओं के अनुसार पौष्टिक आहार लेना स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

सीएचओ अंजली ठाकुर ने मासिक धर्म चक्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सामान्यतः मासिक धर्म चक्र लगभग 28 दिनों का माना जाता है, हालांकि इसमें व्यक्ति-व्यक्ति के अनुसार अंतर हो सकता है। उन्होंने कहा कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित जीवन के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने माहवारी स्वच्छता के संबंध में जरूरी सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि सैनिटरी पैड को आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से बदलना चाहिए। पैड लगाने और हटाने से पहले तथा बाद में हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करना चाहिए। व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखते हुए बाहरी जननांग क्षेत्र को साफ पानी से नियमित रूप से साफ रखना चाहिए। पुराने या गंदे कपड़े के उपयोग से बचने और निजी अंगों के आसपास अनावश्यक सुगंधित उत्पादों के इस्तेमाल से परहेज करने की सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम में शिक्षिका मोना रावत ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता की अनदेखी से यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटीआई) और यीस्ट इंफेक्शन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सही स्वच्छता और देखभाल न केवल संक्रमण से बचाव में सहायक है, बल्कि किशोरियों एवं महिलाओं को स्वस्थ और आत्मविश्वासपूर्ण जीवन जीने में भी मदद करती है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मचारी वीरेंद्र जैन (आरएचओ), अंजली ठाकुर (सीएचओ) तथा शिक्षकगण मोना रावत, टी.एल. देशमुख एवं हरिशंकर नरेटी के साथ पंच वीरेंद्र मंडावी एवं निर्मला बाई उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top