अर्जुंदा में सेवा सेतु शिविर, 18 आवेदनों पर होगी कार्रवाई

Darshan Balod
0

 




एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी, बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल

बालोद, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले के नगरीय निकायों में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत अर्जुंदा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं और आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करना रहा।

नगर के वार्ड क्रमांक 04 स्थित सामुदायिक भवन, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के पास आयोजित शिविर में नगरीय प्रशासन एवं विकास, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, लोक निर्माण, विद्युत एवं सौर ऊर्जा, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, श्रम, स्कूल शिक्षा तथा खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, सेवाओं और पात्रता की जानकारी दी।

18 आवेदन हुए प्राप्त

सेवा सेतु शिविर में नागरिकों द्वारा कुल 18 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से संबंधित 14, विद्युत विभाग का 1, स्वास्थ्य विभाग का 1 तथा राजस्व विभाग से संबंधित 2 आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर नियमानुसार शीघ्र निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।

शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से आवेदन प्रस्तुत करने और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा मिली।

जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल

शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रणेश जैन, जिला सेवा सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के उपाध्यक्ष नरेश यदु, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विश्वास गुप्ता, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अनुभव शर्मा, पार्षद कोजम दास टंडन, हेमलता ठेठवार, गिरधर निषाद, राजू लाल देवांगन, भोलू गुमान यादव, अजय सिंह ठाकुर एवं वंदना पारख तथा एल्डरमैन शिवभजन यादव, रजनीकांत शर्मा एवं मनीष ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

सेवा सेतु शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन और नगरीय निकाय द्वारा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं को नागरिकों के लिए सरल, सहज और सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top