ओबीसी जातिगत जनगणना और 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर बालोद में प्रदर्शन

Darshan Balod
0

 



नवंबर 2026 तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम, दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन की चेतावनी

बालोद। ओबीसी महासभा जिला इकाई बालोद ने राष्ट्रीय जनगणना 2027 में ओबीसी वर्ग की जातिवार गणना के लिए अलग प्रावधान करने और 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे महासभा के सदस्यों ने आदमाबाद रेस्ट हाउस से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

महासभा ने 14 अगस्त 2026 को प्रकाशित राजपत्र के बिंदु क्रमांक 10 में ओबीसी वर्ग का पृथक एवं स्पष्ट उल्लेख नहीं होने पर आपत्ति जताई। ज्ञापन में राष्ट्रीय जनगणना 2027 की हाउसहोल्ड एवं पर्सन अनुसूची में संशोधन कर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की तरह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए भी अलग प्रावधान करने का अनुरोध किया गया।

जातिवार आंकड़ों को बताया जरूरी

ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम ने कहा कि वर्तमान में जनगणना 2027 की हाउसहोल्ड एवं पर्सन अनुसूची में एससी और एसटी के लिए अलग प्रावधान है, जबकि ओबीसी वर्ग के लिए ऐसी व्यवस्था नहीं होने से उसकी वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित आंकड़े उपलब्ध होने में कठिनाई होगी। उन्होंने कहा कि जातिवार जनगणना के आंकड़े नीति निर्माण, आरक्षण व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने मांग की कि जनगणना की दोनों अनुसूचियों में ओबीसी वर्ग के लिए भी पृथक प्रावधान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि आगामी लोकसभा सत्र तक मांगों पर विचार नहीं होने की स्थिति में महासभा दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

नवंबर तक का अल्टीमेटम

जिला अध्यक्ष यज्ञदेव पटेल ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से शासन को एक बार फिर ओबीसी महासभा की मांगों से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि नवंबर 2026 तक 27 प्रतिशत आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांगों पर ठोस पहल नहीं होती है, तो महासभा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

बड़ी संख्या में शामिल हुए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता

प्रदर्शन में ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम, जिला अध्यक्ष यज्ञदेव पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष आंचल प्रकाश साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष महावीर कलिहारी, प्रदेश सहसचिव मनसुखदास साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा भगवती सोनकर, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा प्रतिमा यादव, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा तरुण नाथ योगी, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष पवन साहू, जिला महासचिव युवराज साहू सहित रोहित चंदनमलागर, पदारथ पटेल, डोमेन्द्र हिरवानी, शंभू साहू, कमल टुवानी, अनिरुद्ध साहू, माधव साहू, नरेंद्र साहू, योगेश सोनकर, गजानन साहू, चंद्रमुखी साहू, प्रतिभा, भीखम, मूलिका साहू, साक्षी सोनकर, नीमा साहू और योगेंद्र साहू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top