किल्लेकोड़ा और खोलझर में गांधी जयंती पर बुजुर्गों का सम्मान, डस्टबिन वितरण एवं निर्माण कार्य का भूमिपूजन

Darshan Balod
0

 




बालोद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत किल्लेकोड़ा एवं खोलझर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही बुजुर्गों को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए डस्टबिन वितरित किए गए तथा कला मंच भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

ग्राम पंचायत किल्लेकोड़ा में सरपंच हेमलता विश्वकर्मा, उपसरपंच चंद्रशेखर तरमा, पंचगण एवं ग्रामवासियों के विशेष सहयोग से गांधी जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्भय भंडारी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर हार-फूल, अबीर-गुलाल एवं चंदन अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामसभा की कार्यवाही में सचिव रवींद्र मांडवी ने उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष एजेंडा प्रस्तुत किया। इसमें वीबी-जी रामजी योजना, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों को अपने घरों में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था करने, जल संरक्षण के लिए श्रमदान करने तथा योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी गई। ग्रामीणों की उपस्थिति में विभिन्न जनहितकारी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके बाद निर्भय भंडारी अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोलझर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच थानेश्वरी विश्वकर्मा ने की। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत डौंडीलोहारा के उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर तथा विशेष अतिथि जनपद पंचायत सभापति उत्तम यदु उपस्थित रहे। उपसरपंच लखन ठाकुर, पंचगण, राम ठाकुर, वासु विश्वकर्मा, भंडारी, देवांगन एवं साहू समाज के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, माताएं-बहनें और प्रबुद्ध नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

ग्राम पंचायत खोलझर में अतिथियों का अबीर-गुलाल एवं चंदन लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन का गायन किया गया। इस अवसर पर निर्भय भंडारी द्वारा माताओं एवं ग्रामीणों को डस्टबिन वितरित किए गए, जिससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि जयलाल मालेकर एवं विशेष अतिथि उत्तम यदु ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा वीबी-जी रामजी योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने और गांव के विकास में सहभागिता निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान कला मंच भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। इस निर्माण कार्य के लिए 6.50 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने विकास कार्यों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता और ग्रामीण विकास का संदेश दिया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top