वीबी-जी राम जी योजना के काम में तेजी के निर्देश, 31 दिसंबर तक हर गांव में बालिका शौचालय और मुक्तिधाम का लक्ष्य

Darshan Balod
0

 


बालोद, 6 अक्टूबर 2026। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर मांग आधारित कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। अब जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो गई है, वहां मांग के आधार पर कार्य तत्काल प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में 25 बड़े ग्राम पंचायतों का चयन करने के निर्देश दिए। अधिक जनसंख्या वाले ग्राम पंचायतों में खेत एवं सड़क निर्माण (धरसा) से संबंधित कार्यों के प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने को कहा, ताकि बड़े ग्राम पंचायतों में योजना का लाभ तेजी से पहुंचाया जा सके।

31 दिसंबर तक हर विद्यालय में बालिका शौचालय का लक्ष्य

श्री शर्मा ने बालिका शौचालय और मुक्तिधाम निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 31 दिसंबर 2026 तक जिले का कोई भी गांव ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां विद्यालय बालिका शौचालय से वंचित हो और कोई भी ग्राम मुक्तिधाम से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि बालिका शौचालय का निर्माण बालिकाओं की शिक्षा और गरिमा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, वहीं मुक्तिधाम ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों में शामिल है। इसलिए इन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

सोशल मीडिया और समाचार पत्रों से होगा प्रचार

उपमुख्यमंत्री ने योजना के तहत किए जा रहे कार्यों और इसके लाभ की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर से टीम विभिन्न जिलों का प्रवास कर योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह कम से कम दो दिन चयनित ग्राम पंचायतों में दो-दो घंटे भ्रमण करें। भ्रमण की सूचना 15 दिन पहले जारी की जाए, ताकि इस दौरान योजना की समीक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं का मौके पर निराकरण भी किया जा सके।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जनहित के कार्यों में समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोपरि है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top